पंचकूला में बुधवार को निकाय निदेशालय के कार्यालय पर प्रदर्शन करते हटाये गये निगम कर्मचारी।

पंचकूला, 12 फरवरी (ट्रिन्यू)
दो दिन पहले नगर निगम से हटाये गये 249 कर्मचारियों ने आज शहरी निकाय निदेशालय के बाहर प्रदर्शन किया और निदेशक अमित अग्रवाल काे ज्ञापन सौंपा। इधर कालका के कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी ने कर्मचारियों को नौकरी से हटाने के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुये कहा है कि गठबंधन सरकार नौकरी देने की बजाय छीनने का काम कर रही है।
जानकारी के अनुसार हटाये गये कर्मचारी सेक्टर 14 से जुलूस के रूप में प्रदर्शन करते हुये शहरी निकाय निदेशालय पहुंचे। कर्मचारियों ने वहां सभा की और निगम व सरकार के खिलाफ नारे लगाये।
इसके बाद निदेशक को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा है कि उन्हें बिना नोटिस व पूर्व सूचना के नौकरी से हटाया गया है जबकि वे लंबे समय से सेवायें दे रहे थे। यह भी आरोप लगाया कि 23 जनवरी को नगर निगम में नये कर्मचारियों की भर्ती की गई है। ऐसा ही ज्ञापन कल उपायुक्त को सौंपा गया था।
निदेशक ने प्रतिनिधिमंडल से कहा कि वे इस बारे में निगम आयुक्त से सूची मंगवायेंगे और उचित कार्यवाही की जायेगी। प्रदर्शन में प्रधान जोगेंद्र सिंह, भाग सिंह, विनोद सारसर, सतीश कुमार, सोमपाल, रोशन लाल आदि ने भाग लिया। कांग्रेस पार्टी के कालका विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रदीप चौधरी ने बुधवार को बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज युवाओं को नौकरी देना तो दूर, बल्कि ठेकेदार प्रथा में लगे युवकों का अस्थाई रोजगार छीनने का काम कर रही है। इसके साथ ही रेहड़ी-फहड़ी लगा कर अपने परिवार का पेट पालने वाले लोगों को भी उजाड़ने पर तुली है।
उधर शिवालिक विकास मंच के अध्यक्ष विजय बंसल ने भी प्रदर्शकारियों के बीच पहुंचकर उनकी मांग का समर्थन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर हटाये गये कर्मचारियों की बहाली की मांग की है।

The post नौकरी से हटाये निगम कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vwey3H
via Latest News in Hindi

0 Comments