अंबाला शहर, 12 फरवरी (हप्र)
बलदेव नगर चौक पर हरियाणा रोडवेज की एक बस को अपनी बोलेरो कार अड़ाकर रोकने, उसमें तोड़फोड़ करने, रोडवेज चालक व परिचालक सहित एक सवारी पर हमला करके घायल करने के आरोपी 4 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने इस मामले में सूरज निवासी न्यू लक्ष्मी नगर, वारिस वर्मा निवासी मनमोहन नगर, कमलदीप, गगन, अजय पुरी उर्फ तीरी उर्फ आशू व लवप्रीत उर्फ पित्ती के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एसआई अशोक कुमार ने बताया कि इस मामले में सूरज, वारिस, लवप्रीत व कमलदीप को गिरफ्तार कर लिया गया शेष को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने इस मामले में रोडवेज डिपो झज्जर के चालक ओमप्रकाश निवासी गांव डबौदा कलां झज्जर की शिकायत पर 6 युवकों के खिलाफ गत देर रात्रि दर्ज किया गया। चालक ओमप्रकाश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बहादुरगढ़ से बस लेकर चंडीगढ़ जा रहा था। बस जब अंबाला छावनी से बलदेव नगर की ओर चली तो बोलेरो में सवार युवकों ने बलदेव नगर चौक पर बस के आगे गाड़ी अड़ा दी। एक युवक सड़क किनारे पड़ा पत्थर उठाकर ले आया और चालक को खींचकर नीचे उतार दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौच व मारपीट की।
इसी बीच कंडक्टर देवेंद्र सिंह उसे छुड़वाने लगा तो उन बदमाशों ने पत्थर से वार कर दिया लेकिन पत्थर बस में सवार एक यात्री सुखविंद्र सिंह के सिर में लगा, जिससे वह लहुलूहान हो गया। चालक के अनुसार आरोपियों ने बस के शीशे भी तोड़ डाले और अपने कई साथियों को फोन करके बुला लिया और दोबारा मारपीट शुरू कर दी।

The post अंबाला में बस रोककर चालक व परिचालक पर किया हमला appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2SlqIFC
via Latest News in Hindi

0 Comments