कैथल, 14 फरवरी (हप्र)
सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रांतीय जन चेतना यात्रा कैथल पहुंची। यात्रा जींद जिले के छातर गांव से कैथल जिले के किठाना होती हुई तारागढ़, देबन, तितरम, छौत, पाडला होती हुई अग्रसेन धर्मशाला में पहुंची। स्वामी आर्यवेश ने लोगों को गौहत्या, कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी, अश्लीलता व धर्मिक अंधविश्वास के विरुद्ध जागरूकता का संकल्प दिलवाया। गाय बचाओ तथा बेटी बचाओ के साथ साथ युवाओं को नशे से बचाओ के नारे भी लगाए गए। स्वामी आर्यवेश ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति से जुड़ी हुई है इसलिए गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए। पूरे देश में नशाबन्दी की राष्ट्रीय नीति घोषित की जाये, कन्या भ्रूण हत्या व महिला उत्पीड़न रोकने के लिए कानून सख्ती से लागू किये जायें। आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री बिरजानन्द एडवोकेट कहा कि सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध आंदोलन के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए। जो मुद्दे संस्कृति व देश से जुड़े हों उन पर युवाओं को गंभीरता से लेना चाहिए तथा संगठित होकर कार्य करना चाहिए। बेटी बचाओ अभियान की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन पूनम आर्या ने कहा कि बेटियां नारे बदलने से नहीं मानसिकता बदलने से बचेंगी। इस मौके पर राविश एडवोकेट, श्यामलाल आर्य, सत्यवीर आर्य, अमित गुप्ता, वेद प्रचार मौजूद थे।

The post ‘गाय को किया जाये राष्ट्रीय पशु घोषित’ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/31Vxxks
via Latest News in Hindi

0 Comments