बठिंडा, 7 फरवरी (निस)
बठिंडा लोकसभा से सांसद व केन्द्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने जिले में प्रस्तावित बायो-इथनॉल प्लांट के लिये पंजाब सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण करने के मामले में दिखाई जा रही सुस्ती पर चिंता जताई है।
केन्द्रीय पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस मंत्री धमेन्द्र प्रधान को लिखे पत्र में बादल ने आग्रह किया है कि वह इस काय में हस्तक्षेप कर पंजाब सरकार को भूमि अधिग्रहण करने के मामले में तेजी लाने को कहें। इस प्लांट को एचपीसीएल मित्तल एनर्जी लि. द्वारा बठिंडा जिले में स्थापित किया जाना है। श्रीमती बादल का यह भी कहना है कि इस प्रोजेक्ट पर 600 करोड़ रुपये की लागत आयेगी परन्तु भूमि अधिग्रहण का कार्य तीन वर्ष से लटक रहा है।
किसानों को होगा लाभ, युवाओं को मिलेगा रोजगार
इस प्लांट के शुरू होने से धान की पराली को आग लगाने की बजाय संभावित प्लांट में प्रयोग कर उससे प्रतिदिन 100 किलोलीटर इथेनॉल का उत्पादन होगा तथा बायो खाद से मिट्टी को पौष्टिक बनाने में इस्तेमाल किया जायेगा और हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। इससे किसानों को तो लाभ होगा ही साथ ही पराली के धुएं से निजात मिलेगी व वातावरण स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी। स्थानीय सांसद ने बताया कि यह प्लांट बठिंडा जिले के गांव नसीबपुरा के पास 40 एकड़ जमीन पर स्थापित किया जाना है जो 400 टन पराली की प्रोसेसिंग करेगा।

The post बायो-इथनॉल प्लांट के लिये भूमि अधिग्रहण करे पंजाब सरकार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/39mjffn
via Latest News in Hindi

0 Comments