गगलवासियों ने दी आत्मदाह की चेतावनी
धर्मशाला में सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मुलाकात करते एयरपोर्ट का विरोध कर रहे ग्रामीण। -निस
धर्मशाला, 10 फरवरी (निस)
कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के विरोध में सीएम जयराम ठाकुर से मिलने पहुंचे गगलवासियों ने आत्मदाह की चेतावनी दी है। उन्होंने सीएम से एयरपोर्ट का विस्तार मांझी खड्ड तक ही करने की मांग करते हुए तर्क दिया कि आगे विस्तार करने से उनके घर समेत उनका कमाई का जरिया छिन जाएगा। विभिन्न पंचायतों के बाशिंदों ने जयराम को अवगत करवाया कि यहां अधिकतर लोग सब्जी उत्पाादन कर आजीविका कमा रहे हैं। उनका कहना था कि यहां से विस्थापित होने के बाद उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं बचेगा। ऐसे में उनके पास आत्म्हत्या करने के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा।
बाजार, हाईवे पर लगाये काले झंडे
याद रहे कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के विरोध में रविवार शाम से ही लोगों ने बाजार व हाईवे पर काले झंडे लगा दिए थे। हवाई अड्डे के विस्तार का विरोध कर रहे गगल व आसपास के गांवों के लोगों ने सभी दुकानों, घरों व बाजार में काले झंडे लगाये। ये लोग सोमवार को धर्मशाला में सीएम जयराम के समक्ष विरोध प्रदर्शन करना चाहते थे, लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण ऐसा संभव नहींहो पाया। गगल की निकटवर्ती पंचायत रच्छियालु, सहौड़ा, कुठमां, इच्छी के ग्रामीण विस्तार का विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनका आवेदन तो ले लिया, लेकिन उन्होंने इस विषय पर कुछ भी टिप्पणी करने से गुरेज किया और कागजात एक अधिकारी को थमा कर आगे चले गए।
सरकार किसानों की आय दोगुनी करने को प्रयासरत
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुना करने के उद्देश्य से राज्य सरकार किसान संगठनों और स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, कृषि विविधिकरण योजनाओं को लागू करने और मूल्यवर्धन आदि पर विशेष ध्यान दे रही है। मुख्यमंत्री सोमवार को धर्मशाला में फसल विविधिकरण का किसानों की आय और खाद्य सुरक्षा पर प्रभाव विषय पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विभाग ने कृषि विविधिकरण के लिए पांच जिलों में ‘जीका’ को एक ऋण परियोजना प्रस्तावित की है। इसकी परियोजना लागत 321 करोड़ रुपये है। जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर कई स्मारिकाओं और प्रकाशनों का विमोचन भी किया। कृषि मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत है, जिसमें जीका महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (जीका) के भारत में तैनात मुख्य प्रतिनिधि मात्सुओमोतो कात्सुओ समारोह में मुख्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
The post गगलवासियों ने दी आत्मदाह की चेतावनी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2SdEoCH
via Latest News in Hindi
0 Comments