अनिल शर्मा/निस
रोहतक, 2 फरवरी
रोहतक-गोहाना में देश के पहले एलिवेटेड रेल ट्रैक पर ट्रेन दौड़ती नजर आएगी। इस ट्रैक पर 85 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। अब निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। अप्रैल माह में इस ट्रैक पर ट्रायल शुरू हो जाएगा, जिसे लेकर अंतिम तैयारियां चल रही है। पांच किलोमीटर बनने वाले रेल ट्रैक से शहरवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी। ट्रैक के साथ 5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी जोकि शहर की सुंदरता पर चार चांद लगाएगी।
इस ट्रैक का 18 मार्च 2018 को सीएम मनोहर लाल खट्टर ने भूमि पूजन किया था और साथ ही घोषणा की थी कि ट्रैक के साथ-साथ 5 किलोमीटर लंबी सड़क का भी निर्माण किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट पर करीब 315 करोड़ रुपए की लागत आएगी। रोजाना रेलवे के अधिकारी यहां निरीक्षण करते हैं।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस सरकार के दौरान रोहतक-गोहाना रेलवे मार्ग पर पड़ने वाले तीन फाटकों से लगने वाले जाम खत्म करने को लेकर सरकार ने रेलवे लाइन को बाहर करने के लिए रेलवे बाईपास मंजूर किया था। यह बाईपास उस वक्त सांसद रहे दीपेंद्र हुड्डा का एक ड्रीम प्रोजेक्ट था, लेकिन भूमि अधिग्रहण को लेकर छह गांव के किसानों ने इस प्रोजेक्ट का बहिष्कार शुरू कर दिया था। किसानों के विरोध के बावजूद उस वक्त रेलमंत्री ने इस बाईपास का शिलान्यास किया और काम शुरू हो गया, लेकिन 2014 में सत्ता परिवर्तन होते ही भाजपा सरकार ने इस प्रोजेक्ट का स्वरूप ही बदल दिया। केंद्र सरकार ने यहां देश का पहला एलिवेटेड रेल ट्रैक बनाने का निर्णय लिया।
प्रदेश के पूर्व सहकारिता मंत्री ने प्रोजेक्ट को लेकर गंभीरता दिखाई और किसानों का आश्वस्त किया कि उनकी एक इंच भी उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए रेल विभाग ने भी मंजूरी दी और रोहतक-गोहाना रेलवे मार्ग पर बनने वाले देश के पहले एलिवेटेड रेल ट्रैक पर काम शुरु हो गया। सरकार का दावा था कि 2019 तक ट्रैक का काम पूरा कर लिया जाएगा। अब यह काम अंतिम चरण में चल रहा है।
5 फाटक हो जाएंगे खत्म
इस ट्रैक के निर्माण से शहर के बीचोंबीच से 5 फाटक पूरी तरह से खत्म हो जाएगी और लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी। रोहतक के डीसी आरएस वर्मा का कहना है बताया कि एलिवेटेड रेल ट्रैक का निर्माण कार्य प्रगति पर है और लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। मार्च माह में कार्य पूरा होने का अनुमान है और अप्रैल माह में इसका ट्रायल होगा।

The post रोहतक को अप्रैल में मिलेगी जाम से मुक्ति appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2vKq7EO
via Latest News in Hindi

0 Comments