धारीवाल में शिव सेना नेता पर बरसाई गोलियां, हालत गंभीर
गुरदासपुर, 10 फरवरी (निस)
देर शाम कस्बा धारीवाल के डडवां रोड पर दो अज्ञात युवकों की ओर से शिव सेना हिंदोस्तान उत्तर भारत के यूथ विंग के प्रमुख हनी महाजन तथा एक अन्य पर गोलियां चलाई गईं। इसमें हनी महाजन गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनके एक साथी की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम लगभग पौने छह बजे हनी महाजन साथी अशोक महाजन निवासी धारीवाल की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान दो अज्ञात युवक स्विफ्ट कार में आए और उन दोनों पर 10 के करीब फायर कर दिए। इस फायरिंग में अशोक की मौत हो गई जबकि हनी महाजन की टांगों पर चार के करीब गोलियां लगीं। फायरिंग के उपरांत हमलावर युवक अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को सिविल अस्पताल गुरदासपुर पहुंचाया, जहां अशोक कुमार को मृत घोषित कर दिया गया जबकि हनी महाजन को तुरंत अमृतसर रैफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी गुरदासपुर स्वर्णदीप सिंह खुद अस्पताल पहुंचे तथा बाद में मौके का जायजा लेने धारीवाल गए। इसी दौरान कई अन्य संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे।
आईजीपी बार्डर रेंज सुरेन्द्र पाल सिंह परमार ने बताया कि हनी महाजन अपनी दुकान बंद कर अशोक की दुकान पर चला गया था। उन्होंने बताया कि अभी जांच चल रही है। पूरे जिले की नाकाबंदी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि हनी महाजन को पिछले साल सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई थी लेकिन बाद में एजेंसियों की जांच के बाद सुरक्षा हटा ली गई थी।
The post धारीवाल में शिव सेना नेता पर बरसाई गोलियां, हालत गंभीर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/38hy1DY
via Latest News in Hindi
0 Comments