रेवाड़ी, 14 फरवरी (निस)
बावल क्षेत्र के गांव राजगढ़ निवासी अमरसिंह आत्महत्या मामले में एसपी दीपक साहरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव भाड़ावास गेट चौकी इंचार्ज एएसआई रेणू व हैड कांस्टेबल संदीप को लाइन हाजिर कर दिया है। इस मामले में रेणू, संदीप व विकास के खिलाफ देर शाम ही रामपुरा थाना में आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया जा चुका है। शुक्रवार को ग्रामीण व परिजन एसपी से मिले। तत्पश्चात उन्होंने मामले की जांच हेतु एसआईटी का गठन किया और मामले का इंचार्ज कोसली डीएसपी को बनाया है। बता दें कि गांव राजगढ़ निवासी 52 अमरसिंह ने अपनी पत्नी निर्मला के नाम से पंजाब नेशनल बैंक से करीब डेढ़ लाख रुपए का ऋण लिया था। बैंक का ऋण नहीं चुकाने पर मामला कोर्ट में पहुंच गया था। नोटिस के बाद भी जब पैसे जमा नहीं कराए गए तो अदालत से निर्मला के गैर-जमानती वारंट जारी हो गए थे। अदालत के इस आदेश की पालना करने के लिए भाड़ावास पुलिस चौकी इंचार्ज रेणूबाला अपनी टीम के साथ निर्मला को गिरफ्तार करने के लिए बृहस्पतिवार को गांव गई थी। आरोप है कि निर्मला को गिरफ्तार करने के दौरान पुलिस ने उसके पति अमरसिंह के साथ अभद्र व्यवहार किया व मारपीट की। पुलिस निर्मला को तो गिरफ्तार कर साथ ले गई। लेकिन इस मारपीट से आहत अमर सिंह ने कुछ देर बाद ही घर के भीतर ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

The post अमरसिंह आत्महत्या मामले में एसआईटी गठित appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2UOC32R
via Latest News in Hindi

0 Comments