सरकारी अस्पताल में शराब पीते डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार
पलवल, 14 फरवरी (हप्र)
डॉक्टर ही अस्पताल में शराब का सेवन करेंगे तो मरीजों का इलाज किस तरह होगा। अस्पताल में व्यवस्थाएं राम भरोसे ही रह गई हैं। बीती रात हथीन के सरकारी अस्पताल में देखने को मिला जहां अस्पताल के एसएमओ डॉ. मनीष गर्ग और उसके दो साथियों डॉ़ नूरदीन व इम्तियाज को अस्पताल परिसर में सरेआम शराब पीते हथीन पुलिस ने हिरासत में लिया है। बाद में आरोपी डॉक्टर एवं उसके साथियों का पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया जिसके बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस को सूचना मिली कि हथीन के सरकारी अस्पताल में एसएमओ डॉ. मनीष अपने साथी डॉ. नूरदीन व इम्तियाज के साथ बैठकर शराब का सेवन कर रहे हैं। बता दें कि डॉ. मनीष गर्ग का विवादों से पुराना नाता रहा है। एक बार उन्हें पलवल के सिविल अस्पताल से फर्जी एमएलआर के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पलवल जिले के सीएमओ डॉ. ब्रहमदत्त का कहना है कि पुलिस से कार्रवाई के कागजात मंगाए गए हैं जिसकी जांच के बाद आरोपी एसएमओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। हथीन के एसडीएम वकील अहमद का कहना है कि हथीन एसएमओ की कार्यशैली को लेकर पहले भी विवाद रहे हैं। उन्हें इस एसएमओ की शराब पीने या गैर मौजूदगी की शिकायत कई बार मिली हैं। एसडीएम ने कहा कि वह डीसी को रिर्पोट बनाकर भेजेंगे।
The post सरकारी अस्पताल में शराब पीते डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2wb4wp5
via Latest News in Hindi
0 Comments