सोनीपत में ड्रेन नंबर छह के ओवरफ्लो होने की वजह से खेतों में जमा हो गया गंदा पानी।- हप्र

सोनीपत, 14 फरवरी (हप्र)
शुगर मिल के साथ से गुजर रही ड्रेन नंबर 6 जटवाड़ा गांव के किसानों के लिए नासूर बन गया है। ड्रेन के ओवरफ्लो होने की वजह से जटवाड़ा गांव के किसानों की करीब 35 एकड़ फसल बबार्द हो गई है तथा भूमि में जलभराव हो गया है। पीड़ित किसानों की एक तरफ जहां रबी सीजन की फसल बर्बाद हो गई है। वहीं, अब खरीफ सीजन की फसल की रोपाई या बिजाई करने की संभावना भी किसानों को कम ही नजर आ रही है। ऐसे में नाराज किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए तथा उन्हें मुआवजा दिया जाए। दरअसल, शहर के बीचोंबीच से ड्रेन नंबर छह बहती है। इस ड्रेन में आसपास की फैक्टरियां गंदा पानी छोड़ती है। अब तक यह ड्रेन पक्की नहीं हुई है। इसकी वजह से आगे से पानी का बहवा रोका गया है। पानी का बहाव रोकने के कारण ड्रेन में पीछे खेतों में पानी जमा हो गया है।
इसकी वजह से पहले भी कई बार आसपास के खेतों में पानी भर जाता है। इस बार भी ड्रेन का पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के खेतों में जमा हो गया है। इसके चलते किसानों की फसल बर्बाद हो गई है तथा खरीफ की फसलों की रोपाई या बिजाई का रास्ता भी बंद होता नजर आ रहा है।
मुआवजे की मांग : जटवाड़ा गांव के किसान पंकज, संजय, धीरज, राममेहर, ललित, हरेंद्र आदि ने बताया कि ड्रेन के ओवरफ्लो होने से उनके खेतों में कई फुट तक पानी जमा हो गया है। किसानों ने सरकार से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा देने की मांग की है। किसानों ने बताया कि खेत में करीब पांच फुट तक पानी जमा है। ऐसे में फसल तो नष्ट हो ही गई है और अगली फसल की बिजाई का रास्ता भी बंद हो गया है।

The post किसानों की 35 एकड़ फसल जलमग्न appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37tBo9q
via Latest News in Hindi

0 Comments