नेताओं की रिहाई के बीच महबूबा की बेटी नजरबंद!
जम्मू, 2 जनवरी (हप्र/एजेंसी)
जम्मू-कश्मीर में सामान्य हो रहे हालात के बीच पीडीपी अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती की पुत्री इल्तिजा मुफ्ती ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें उनके घर में नजरबंद कर लिया गया है। विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) सुरक्षा प्राप्त इल्तिजा ने कहा कि उन्होंने अनंतनाग जिले के बिजबेहरा इलाके में अपने नाना की कब्र पर जाने की इजाजत मांगी थी। हालांकि, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) मुनीर खान ने इल्तिजा को नजरबंद किये जाने की बात से इनकार करते हुए कहा कि ‘अनंतनाग जिला प्रशासन ने उन्हें वहां जाने की इजाजत नहीं दी थी।’ खान ने कहा, ‘हमें यह भी ध्यान रखना चाहिये कि कि उन्हें एसएसजी सुरक्षा मिली हुई है, लिहाजा उन्हें कहीं भी जाने से पहले पुलिस की मंजूरी लेनी होती है।’
उधर, अपनी रिहाई से संबंधित बांड भरने वाले कश्मीरी नेताओं की रिहाई अगले सप्ताह हो जाएगी। बांड न भरने वाले प्रशासन के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। क्योंकि उनमें से कुछ की सेहत खराब हो रही है। बताया जा रहा है कि पीपुल्स कान्फ्रेंस के चेयरमैन सज्जाद गनी लोन, जम्मू-कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट के चेयरमैन शाह फैसल, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नईम अख्तर, वहीद उर-रहमान पारा और नेशनल कांफ्रेंस के महासचिव अली मोहम्मद सागर को कहीं और शिफ्ट किया जा सकता है। इसके साथ ही राज्य के पूर्व मुख्यमंत्रियों फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती की रिहाई मार्च से पहले संभव नहीं दिखती।
बता दें कि 5 अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम को लागू किए जाने से उपजे हालात के बीच प्रशासन ने एहतियात के तौर पर अलगाववादियों के अलावा कुछ प्रमुख राजनीतिक नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था। इनमें से फारूक अब्दुल्ला पीएसए के तहत नजरबंद हैं। सूत्रों ने बताया कि कश्मीर में लगातार सुधरते हालात और राजनीतिक गतिविधियों को बहाल करने के लिए केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने राजनीतिक बंदियों की सिलसिलेवार रिहाई शुरू की है। यह रिहाई एक बांड के आधार पर हो रही है। तीन दिन पहले पांच लोगों की रिहाई हुई है।
शांति व्यवस्था में सहयोग का लिया जा रहा है वचन
रिहा हो रहे नेता बांड भरकर जम्मू-कश्मीर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का यकीन दिला रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में पीडीपी के पूर्व विधायक एजाज मीर, नेकां नेता सलमान सागर, शौकत गनई, अली मोहम्मद डार, अल्ताफ कालू, अवामी इत्तेहाद पार्टी के नेता बिलाल सुल्तान को जल्दी ही रिहा किया जा सकता है। अल्ताफ कालू का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, जबकि सलमान सागर के नाना का देहांत हुआ है।
The post नेताओं की रिहाई के बीच महबूबा की बेटी नजरबंद! appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2Fc9x1Y
via Latest News in Hindi
0 Comments