हम न दबाव डालते हैं न झेलते हैं : खट्टर
ट्रिब्यून न्यूज सर्विस
चंडीगढ़, 20 जनवरी
हरियाणा सरकार के गले की फांस बनते जा रहे महम के विधायक बलराज कुंडू सोमवार को विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुखातिब हुए। दोनों नेताओं में औपचारिक दुआ सलाम तो हुआ, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं हुई जिसकी उम्मीद की जा रही थी। भाजपा से बागी होकर विधानसभा चुनाव लड़ने वाले महम के विधायक बलराज कुंडू ने चुनाव के बाद भाजपा को तो समर्थन दिया लेकिन भाजपा ने उन्हें अब तक सत्ता में शामिल नहीं किया।
मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान मंत्री बनने की चर्चाओं में शामिल बलराज कुंडू पिछले कई दिनों से पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। कुंडू सरकार से समर्थन वापसी की धमकी भी दे चुके हैं। इस बीच कुंडू तथा उनके भाई के खिलाफ रोहतक में मामला दर्ज हो चुका है, इस प्रकरण के बीच सोमवार को पहली बार विधासभा परिसर में कुंडू का सामना मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ हुआ। सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में कुंडू ने दोबारा समर्थन वापसी की चेतावनी देते हुए कहा कि उनके खिलाफ दर्ज किया गया मामला राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। कुंडू ने खुलेआम मनीष ग्रोवर पर भ्रष्टाचार के आरोप जड़ते हुए कहा कि वे आने वाले दिनों में और खुलासे करेंगे। इसी दौरान विधानसभा की कार्यवाही स्थगित होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कुंडू व ग्रोवर का नाम लिए बगैर कहा कि वे न तो किसी पर दबाव बनाते हैं और न ही दबाव झेलते हैं।
‘सरकार सेफ जोन में है, समर्थन वापसी का फैसला व्यक्तिगत’
विधायक कुंडू द्वारा समर्थन वापसी की चेतावनी पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि सरकार सेफ जोन में है, यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। उन्होंने किसी तरह की राजनीतिक साजिश से इनकार करते हुए कहा कि यह दो व्यक्तियों का आपसी लेन-देन का मामला है। हलफिया बयान दिए जाने के बाद पुलिस वैसे ही कार्रवाई कर रही है जिस तरह से अन्य मामलों में होता है। इसमें कोई राजनीतिक साजिश नहीं है।
The post हम न दबाव डालते हैं न झेलते हैं : खट्टर appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/38tNvEK
via Latest News in Hindi

0 Comments