आरक्षित रहेंगी लोकसभा की 2, विस की 17 सीटें
चंडीगढ़ में सोमवार को हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर अपनी बात रखते हुए। -मनोज महाजन
चंडीगढ़, 20 जनवरी (ट्रिन्यू)
हरियाणा में भी लोकसभा व विधानसभा की सीटों को अगले 10 वर्षों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। लोकसभा की 10 में से 2 और विधानसभा की 90 में से 17 सीटें एससी/एसटी वर्ग के लिए रिजर्व हुई हैं। केंद्र सरकार लोकसभा व राज्यसभा में संविधान के 126वें संशोधन पर मुहर लगा चुकी है। लोकसभा व राज्यसभा की ओर से भेजे प्रस्ताव के बाद ही हरियाणा सरकार ने सोमवार को विस का विशेष सत्र बुलाया।
राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य के ‘शुभकामना अभिभाषण’ के साथ शुरू हुए इस सत्र में दिवंगत नेताओं और अन्य हस्तियाें को श्रद्धांजलि के बाद सर्वसम्मति से संशोधित विधेयक को पारित किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सदन में इसका प्रस्ताव रखा, जिसका सभी दलों ने समर्थन किया। स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने सर्वसम्मति से विधेयक को पारित करवाने के लिए सभी का धन्यवाद किया। सदन में पास हुए प्रस्ताव की कॉपी लोकसभा व राज्यसभा सचिवालय को भेजी जाएगी।
चंडीगढ़ में सोमवार को हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान नेता विपक्ष भूपेंद्र हुड्डा अपनी राय रखते हुए। -मनोज महाजन
अनुसूचित जाति व जनजाति के लोगों को लोकसभा व विधानसभा में आरक्षण का संविधान में प्रावधान किया गया है। इस आरक्षण की समयसीमा समाप्त हो रही थी। इसलिए केंद्र सरकार ने कैबिनेट बैठक में इसे 10 वर्षों के लिए जारी रखने का फैसला लिया और लोकसभा व राज्यसभा में भी संशोधित विधेयक पारित कराया। प्रदेश में लोकसभा की 10 में से दो – अम्बाला और सिरसा संसदीय क्षेत्र अारक्षित हैं। इसी तरह से 90 हलकों में से 17 हलकों को अगले दस वर्षों के लिए आरक्षित किया गया है। इनमें मुलाना, सढ़ौरा, शाहाबाद, गुहला, नीलोखेड़ी, इसराना, खरखौदा, नरवाना, कालांवाली, रतिया, उकलाना, बवानीखेड़ा, झज्जर, कलानौर, बावल, पटौदी, होडल शामिल हैं। यहां बता दें कि लोकसभा और सभी राज्य विधानसभाओं में एससी/एसटी की सीटों का आरक्षण 25 जनवरी को समाप्त हो रहा है।
हरियाणा विधानसभा के विशेष सत्र में मौजूद जजपा विधायक नैना चौटाला, राज्यमंत्री अनूप धानक, बिजली मंत्री रणजीत सिंह।
नये परिसीमन में तय होंगी सीट : लोकसभा व विधानसभा हलकों का परिसीमन 20 वर्षों के बाद किए जाने का प्रावधान है। 2008 में हुआ परिसीमन 2009 के लोकसभा व विधानसभा चुनाव में लागू हुआ था। उसी दौरान परिसीमन में प्रदेश में विधानसभा की कई सीटें जहां रिजर्व से ओपन यानी सामान्य श्रेणी की हो गई थीं, वहीं कुछ सामान्य हलकों को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया। इसी तरह से कई पुराने हलके खत्म हुए और उनकी जगह नये अस्तित्व में आए।
देरी से पहुंचे राज्यपाल : राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य का 11 बजे विधानसभा सदन में आने का कार्यक्रम था लेकिन वे साढ़े 11 बजे के बाद पहुंचे। विधानसभा सचिव राजेंद्र सिंह नांदल ने जब करीब सवा 11 बजे सदन में आकर घोषणा की कि कार्यक्रम में बदलाव किया गया है तो कांग्रेस विधायकों ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा, इसके बारे में पहले सूचित किया जाना चाहिए था। नांदल ने कहा कि बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में यह तय हो गया था। इस पर विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, बैठक में समय तय नहीं हुआ।
गौतम पर कांग्रेसियों ने ली चुटकी : पार्टी के खिलाफ बागी तेवर अपनाने वाले नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम भाजपा व कांग्रेस विधायकों के आकर्षण का केंद्र रहे। विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा सहित कई विधायकों ने गौतम के बागी बोल पर चुटकी भी ली। गौतम, गुहला से जजपा विधायक ईश्वर सिंह के साथ बैठे थे। गौतम जजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। कांग्रेसियों ने चुटकी लेते हुए कहा – दादा मंत्री बनने के लड्डू कब खिलाओगे।
बजट सत्र में होगा अभिभाषण
प्रदेश सरकार की ओर से राज्यपाल अभिभाषण की सभी तैयारियां की गई थी। अभिभाषण की कॉपी भी छप चुकी थीं, लेकिन सोमवार को विस के विशेष सत्र में राज्यपाल का अभिभाषण नहीं हुआ। अभिभाषण के नाम पर उन्होंने चंद लाइन ही पढ़ी और इनमें नयी सरकार के गठन पर शुभकामनाएं दी। राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा, यह विशेष सत्र एससी-एसटी के आरक्षण पर संशोधित विधेयक का समर्थन करने के लिए बुलाया गया है। इसलिए वे अपना अभिभाषण बजट सत्र के दौरान देंगे।
शमशेर सुरजेवाला, चोपड़ा को श्रद्धांजलि
विधानसभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री शमशेर सिंह सुरजेवाला के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री आईडी स्वामी और पूर्व सांसद अश्विनी चोपड़ा सहित कई दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी गई। सीएम खट्टर, विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने सदन में शोक प्रस्ताव रखे। पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला के पिता शमशेर सिंह सुरजेवाला का सोमवार को ही निधन हुआ है। पूर्व सांसद हेतराम, स्वतंत्रता सेनानी महेंद्रगढ़ निवासी निहाल सिंह व जिला हिसार निवासी सरदार तारा सिंह, शहीद सैनिक मेजर प्रकाश चंद, जूनियर वारंट ऑफिसर गोबिंद सिंह, हवलदार सुमेर सिंह, जयपाल सिंह, निर्मल सिंह, एलएसी चिराग जैन, लांस नायक तेजपाल, सिपाही नवीन, अमित, सत्यवान, प्रवेश, कुशल पाल को श्रद्धांजलि दी गई।
The post आरक्षित रहेंगी लोकसभा की 2, विस की 17 सीटें appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2TOAsJA
via Latest News in Hindi
0 Comments