विपक्ष ने सरकार को किसी मुद्दे पर नहीं घेरा
चंडीगढ़ में सोमवार को हरियाणा विधानसभा में विशेष सत्र के दौरान राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य अभिभाषण देते हुए।
चंडीगढ़, 20 जनवरी (ट्रिन्यू)
हरियाणा विधानसभा का विशेष सत्र महज औपचारिकता होकर रह गया। बेहद कम समय के लिए आयोजित सत्र के दौरान न तो विपक्ष ने सरकार को किसी मुद्दे पर घेरने का प्रयास किया और न ही सरकार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से आगे बढ़ी। सत्र की कार्यवाही को पहले 11 बजे से शुरू किया जाना था लेकिन महामहिम की व्यस्तता के चलते सत्र का समय 11.30 कर दिया गया।
राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य 11.36 मिनट पर सदन के भीतर पहुंचे और उन्होंने अपना अभिभाषण शुरू किया। हालांकि राज्यपाल का जो अभिभाषण विधायकों को वितरित किया गया है, वह संपूर्ण भाषण जिसमें सरकार द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित भविष्य की योजनाओं का उल्लेख किया गया था, लेकिन ऐन मौके पर राज्यपाल के अभिभाषण को बदलते हुए केवल संविधान में एससी/एसटी एक्ट को लेकर किए गए संशोधन पर केंद्रित कर दिया गया और महामहिम ने यह कहते हुए अपना भाषण करीब पांच मिनट में समाप्त दिया कि वह अपनी सरकार की उपलब्धियां तथा भविष्य की योजनाएं बजट सत्र में पेश करेंगे। आज केवल केंद्र सरकार द्वारा पारित किए गए एक्ट को हरियाणा में लागू करने पर वे अपनी शुभकामना देते हैं।
राज्यपाल के सदन से जाने के करीब 20 मिनट बाद सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई और सरकार और विपक्ष की तरफ से शोक प्रस्ताव पेश किए गए। इनके पारित होने के बाद सरकार द्वारा उन बिलों को सदन में रखा गया जिन्हें पूर्व समय के दौरान पारित करके राज्यपाल को भेजा गया था और अब वह कानून का रूप ले चुके हैं।
The post विपक्ष ने सरकार को किसी मुद्दे पर नहीं घेरा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2TH2RkR
via Latest News in Hindi
0 Comments