दिनेश भारद्वाज/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 1 जनवरी
हरियाणा के गृहमंत्री और सीआईडी चीफ के बीच छिड़ा विवाद गहराता जा रहा है। अनिल विज द्वारा विधानसभा चुनाव के संबंध में मांगी रिपोर्ट जब सीआईडी चीफ अनिल कुमार राव ने उन्हें दी तो गृहमंत्री ने यह कहते हुए वापस लौटा दिया कि इसमें वह कोई जानकारी नहीं है, जो मांगी गई थी। विज ने परोक्ष रूप से कहा कि रिपोर्ट बनाने में महज औपचारिकता पूर्ण की गई है।
गृहमंत्री ने सीआईडी चीफ से 11 दिसंबर को वह रिपोर्ट मांगी थी, जो उन्होंने प्रदेश के राजनीतिक हालातों के बारे में सरकार को बनाकर दी थी। विज की इस मांग को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके बाद उन्होंने 25 दिसंबर को दोबारा एक रिमांइडर भेजकर रिपोर्ट जमा करवाने को कहा। इस पर भी सीआईडी गंभीर नहीं हुई।
आदेशों की अवहेलना से अनिल विज ने मंगलवार को सीआईडी चीफ से इस प्रकरण पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा था। जिसके बाद मंगलवार को देर रात  सीआईडी चीफ ने गृहमंत्री को एक रिपोर्ट भेज दी।
अनिल विज ने बुधवार को उस रिपोर्ट का रिव्यू करके उसे खारिज करते हुए वापस लौटा दिया। तीसरी बार मांगने के बाद गृहमंत्री के पास जो रिपोर्ट आई, उससे वे संतुष्ट नहीं थे। गृह मंत्री के गरम तेवरों के चलते पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
सूत्रों की मानें तो गृहमंत्री ने यह लिफाफे खोलकर देखे तो पता चला कि मांगी गई जानकारी इसमें नहीं है। हालांकि, बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए विज ने कहा कि उन्होंने सीआईडी से उन लोगों की रिपोर्ट मांगी थी, जिन्हें राज्य में सुरक्षा कर्मी (गनमैन) दे रखे हैैं। विज के इस बयान को किसी तरह के विवाद से बचने वाला बताया जा रहा है। गृहमंत्री ने सीआईडी चीफ को तीन दिन का समय देते हुए कहा कि उनके द्वारा मांगी गई जानकारी की पूरी रिपोर्ट समय से भिजवाएं। बताया जाता है कि सीआईडी चीफ इस विवाद को बढ़ाने के मूड में नहीं हैं। जिसके चलते उन्होंने गृहमंत्री से तीन दिन का समय मांग लिया है।

इसलिए दिए थे आदेश
हरियाणा में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अबकी बार 75 पार का नारा दिया था। मुख्यमंत्री के इस नारे से तत्कालीन मंत्री सहमत नहीं थे। इस बीच, विधानसभा चुनाव के दौरान सीआईडी ने भाजपा व अन्य राजनीतिक दलों की वास्तविक स्थिति के बारे में एक गोपनीय रिपोर्ट मुख्यमंत्री को दी थी। रिपोर्ट में यह जिक्र है कि किस राजनीतिक दल को कितनी सीटें मिल सकती हैैं। इसके अलावा, किस सीट पर कौन उम्मीदवार हावी है और कौन कमजोर तथा उसकी मजबूती अथवा कमजोरी के क्या कारण हैैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए इस बार के चुनाव नतीजे बेहद चौंकाने वाले रहे। गृहमंत्री ने सीआईडी की रिपोर्ट की तह में जाने के लिए वह रिपोर्ट तलब कर ली, जो गोपनीय होती है। विज इस मामले में सीआईडी, सरकार व अन्य दलों की स्थिति देखना चाहते हैं।

पुलिस महानिदेशक के साथ सीआईडी चीफ ने विज से की मुलाकात
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज को नये साल की शुभकामनाएं देने के लिए डीजीपी मनोज यादव, एडीजीपी नवदीप विर्क और सीआईडी प्रमुख अनिल कुमार राव एक साथ पहुंचे। तीनों ने गृह मंत्री को शुभकामनाएं दी। सूत्रों के अनुसार डीजीपी सचिवालय में गृह मंत्री के कार्यालय में सीआईडी चीफ को लेकर उनसे कुछ बात करना चाहते थे, लेकिन इसका मौका नहीं मिल पाया।

The post विज ने रिपोर्ट लौटायी, कहा इसमें मांगी गयी जानकारी नहीं appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2F8yGuy
via Latest News in Hindi

0 Comments