मल्टीकैप फंड में गुणवत्तापूर्ण निवेश
आलोक पुराणिक
बजट के आसपास इस आशय के कार्यक्रम बिजनेस टीवी चैनलों पर आने लगते हैं कि बजट से पहले कहां-कहां निवेश करना चाहिए। किन शेयरों में निवेश करना चाहिए, किन म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश करना चाहिए। इस आशय के लेख भी छपने लगते हैं। लेकिन निवेशकों को एक बात समझनी चाहिए कि निवेश इस तरह से किसी घटना पर केंद्रित नहीं होना चाहिए कि बजट से पहले निवेश कर लिया या दीवाली से पहले निवेश कर लिया। या साल के शुरू में निवेश कर लिया, इस तरह की निवेश रणनीति सार्थक परिणाम नहीं देती, इसकी वजह यह है कि म्यूचुअल फंड का निवेश एक दीर्घकालीन प्रक्रिया के तहत होना चाहिए। इसमें छोटी अवधि के निवेश सार्थक परिणाम नहीं देते।
नि:संदेह बजट अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है और इसका महत्वपूर्ण असर निवेश जगत पर पड़ता है। स्टाक बाजार पर पड़ता है। पर इसका मतलब यह नहीं है कि कई निवेशक यह सूची बनाने बैठ जायें कि बजट से ठीक पहले इन शेयरों, इन म्यूचुअल फंड योजनाओं में निवेश करना चाहिए। निवेश को एक दीर्घकालीन प्रक्रिया होना चाहिए। बजट से पहले और बजट के बाद की निवेश योजनाओं के चक्कर में आम निवेशक को नहीं पड़ना चाहिए। इसलिए निवेशक को कुछ चुनिंदा ऐसी निवेश योजनाओं का विश्लेषण कर लेना चाहिए, उनकी जानकारी हासिल कर लेनी चाहिए, जो उसके हिसाब से उपयुक्त हों, फिर उनमें लगातार सतत निवेश करना चाहिए।
ऐसी ही एक निवेश योजना है—कोटक स्टैंडर्ड मल्टीकैप फंड। यह योजना म्यूचुअल फंड कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड द्वारा चलायी जाती है। यह स्कीम हर आकार की कंपनी और हर उद्योग की कंपनी में निवेश करती है। कुछ म्यूचुअल फंड योजनाएं लार्ज कैप यानी बड़ी पूंजी वाली कंपनियों यानी बड़ी कंपनियों में निवेश करती हैं। कुछ म्यूचुअल फंड योजनाएं मिड कैप यानी मंझोले स्तर की कंपनियों में निवेश करती हैं, इन्हें मिडकैप योजनाएं कहा जाता है। कुछ म्यूचुअल फंड योजनाओं के केंद्र में छोटी कंपनियां होती हैं, ऐसी योजनाओं को स्माल कैप कहा जाता है। मल्टीकैप योजना का मतलब यह हुआ कि यह स्कीम हर आकार की कंपनियों के शेयरों में निवेश कर सकती है। यानी मल्टीकैप के पास जैसी लोच रेंज होती है, वैसी लार्ज कैप के पास या स्माल कैप के पास नहीं होती। हालांकि, लार्ज कैप म्यूचुअल फंड योजनाओं के अलग तरह के फायदे हैं, बड़ी कंपनियों में निवेश अपेक्षाकृत सुरक्षित होता है, भले ही उनमें बहुत जोरदार रिटर्न भी आते हों, इसी तरह से स्माल कैप म्यूचुअल फंड योजनाओं में रिटर्न बहुत जोरदार हो सकता है, पर इनमें निवेश अपेक्षाकृत थोड़ा कम सुरक्षित रहता है। मल्टीकैप योजनाएं हर तरह की कंपनियों की प्रतिभूतियों में निवेश कर सकती हैं, इसलिए इस तरह की योजनाओं को हर आकार की कंपनियों में निवेश का लाभ मिल जाता है, यह स्कीम के प्रबंधक के कौशल पर निर्भर रहता है कि वह किस हद तक हर आकार की कंपनियों में निवेश का फायदा अपनी स्कीम को दिला पाया है।
कोटक स्टैंडर्ड मल्टीकैप फंड के रिटर्न 29 जनवरी, 2020 के आंकड़ों के हिसाब से एक साल में 19.20 प्रतिशत रहे और 3 सालों में सालाना रिटर्न इसका 12.72 प्रतिशत रहा। पांच सालों में इसने सालाना रिटर्न 9.78 प्रतिशत का दिया और सात सालों की अवधि में इसका सालाना रिटर्न 16.45 प्रतिशत रहा। दस सालों का हिसाब-किताब लगायें, तो इस स्कीम ने 14.32 प्रतिशत सालाना रिटर्न दिया है। यानी जो भी निवेशक दस सालों के लिए इस स्कीम में निवेशित रहा है, उसे 14.32 प्रतिशत का सालाना रिटर्न मिला है, इसे बेहतरीन रिटर्न माना जा सकता है।
31 दिसंबर, 2019 को इस स्कीम के पास करीब 29598 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां थीं, इनका 7.47 प्रतिशत हिस्सा आईसीआईसीआई बैंक में निवेशित था। इस स्कीम की कुल परिसंपत्तियों का करीब 6.91 प्रतिशत हिस्सा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में निवेशित था। रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में बीते एक साल में बहुत जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। 31 दिसंबर, 2019 को इस स्कीम की कुल परिसंपत्तियों का करीब 6.29 प्रतिशत एचडीएफसी बैंक के शेयरों में निवेशित था। इसके मुकाबले अपेक्षाकृत छोटे बैंक एक्सिस बैंक में भी इस स्कीम की कुल परिसंपत्तियों का करीब 5.04 प्रतिशत हिस्सा निवेशित था। इंजीनियरिंग सेक्टर की बहुत बड़ी कंपनी एल एंड टी के शेयरो में इस स्कीम की परिसंपत्तियों का करीब 4.91 प्रतिशत हिस्सा निवेशित था।
इस स्कीम के निवेश को गुणवत्तापूर्ण निवेश कहा जा सकता है। निवेशक अपने निवेश योग्य संसाधनों के एक हिस्से को इस स्कीम में लगाने पर विचार कर सकते हैं। फिर भी निवेशक अपना अध्ययन करें या किसी वित्तीय सलाहकार की सलाह लें।
The post मल्टीकैप फंड में गुणवत्तापूर्ण निवेश appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2OdKxMI
via Latest News in Hindi

0 Comments