अंबाला शहर, 1 जनवरी (हप्र)

अंबाला सिटी में बुधवार को कार्यकर्ताओं की बैठक में मौजूद इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला। -प्रदीप मैनी

पूर्व मुख्यमंत्री व इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने बुधवार को गृहमंत्री अनिल विज और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार को भी कठघरे में खड़ा किया और कहा कि देश के हालत खराब हैं, लेकिन दोषी भी वही हैं, जो सरकार में हैं।
यहां पत्रकारों से बातचीत में चौटाला ने कहा कि मनोहर लाला खट्टर की सरकार जब भी गिरेगी तो उसमें उसमें सबसे बड़ा रोल अनिल विज का होगा और फिर दुष्यंत का। उन्होंने कहा कि इन दोनों में नंबर एक की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि विज को अकेले चलने की आदत है। जब वह भाजपा विधायक दल के नेता होते थे तो वाकआउट करने में उनके साथ भाजपा को कोई विधायक नहीं जाता था, बल्कि विपक्ष की मजबूती के लिए इनेलो विधायक ही उनका साथ देते थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कितने दिन चल पाएगी इसका पता पत्रकारों को ज्यादा है। उन्होंने कहा कि इनेलो को तोड़कर जजपा में गये कार्यकर्ता अब खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। जजपा का बुरा हाल है। इस मौके पर पूर्व केबिनेट मंत्री निर्मल सिंह की बेटी चित्रा सरवारा ओमप्रकाश चौटाला से मिलीं। इस मौके पर जिला प्रधान शीशपाल जंधेड़ी, जगमाल सिंह रोलो मौजूद रहे। उधर, विज ने चौटाला के बयान पर कहा कि ओपी चौटाला ऐसे बयान बौखलाहट में दे रहे हैं, उनकी राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है। उनके पास कोई राजनीतिक खेल अब बचा नहीं है।

दुष्यंत साथ होते तो बनती इनेलो की सरकार
चौटाला ने कहा कि अगर दुष्यंत इनेलो को छोड़कर नहीं जाते तो आज हरियाणा में इनेलो की सरकार होती। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा मूर्खतापूर्ण निर्णय क्या होगा कि दुष्यंत मुख्यमंत्री पद छोड़कर उपमुख्यमंत्री की कुर्सी लेकर खुश हैं, लेकिन उनका कोई ठोर-ठिकाना फिर नहीं है कि अब कहां जाएंगे। अभी वे सोच में पड़े हैं।

नये साल में नये तरीके से करो काम
यमुनानगर (हप्र) : ओपी चौटाला ने कार्यकर्ताओं से बैठक की व उन्हें संगठन को मजबूत करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि 2019 में जो हुआ उसे भूल जाओ नये साल में नये तरीके से काम करो और संगठन को मजबूत करो। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर चले गए थे, उन्हें अब अहसास हो रहा है कि उन्होंने कितनी बड़ी भूल की । चौटाला ने इशारों-इशारों में सभी दलों को इकट्ठा होने का संदेश दिया।

The post खट्टर सरकार गिरने में विज का होगा बड़ा रोल : चौटाला appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2QCpSCj
via Latest News in Hindi

0 Comments