केवल शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर सकते हैं छात्र : अमरेंद्र
चंडीगढ़, 31 दिसंबर (एजेंसी)
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने मंगलवार को यहां कहा कि छात्र सीएए और एनआरसी के खिलाफ तब तक प्रदर्शन कर सकते हैं, जब तक कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहता है। गौरतलब है कि एक जनवरी को छात्रों ने राज्य भर में प्रदर्शन का आह्वान किया है। इस पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी कीमत पर किसी को भी शांति बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी। सिंह ने एक बयान में कहा,‘प्रदर्शन करना सभी नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है और केन्द्र सरकार के किसी कदम के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन तथा मार्च छात्रों सहित लोगों के अधिकार के दायरे में आते हैं लेकिन तब तक, जब तक कि ये प्रदर्शन शांतिपूर्ण हों।’ उन्होंने कहा कि जब तक छात्र कानून अपने हाथ में नहीं लेते, पुलिस उन्हें प्रदर्शन करने से नहीं रोकेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करे अथवा किसी तरह की हिंसा में शामिल हो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने छात्र नेताओं से अपील कि वे गुंडा तत्वों को प्रदर्शन में शामिल नहीं होने दें और यह सुनिश्चित करें कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे।
विपक्ष कर रहा व्यर्थ विवाद : धूमल
शिमला (निस) : हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध का कोई औचित्य नहीं है और विपक्ष इस मुद्दे पर व्यर्थ विवाद कर रहा है। धूमल ने आज एक बयान में कहा कि भारत में तो अल्पसंख्यक पहले से ही सुरक्षित थे और उनकी जनसंख्या भी लगातार बढ़ रही थी, लेकिन पाकिस्तान में हिन्दू, सिख, जैन, बौद्ध, ईसाई और पारसी लोगों का उत्पीड़न न केवल जारी रहा अपितु बढ़ गया। वहां हिन्दुओं की जनसंख्या 23 प्रतिशत से कम हो कर 3 प्रतिशत रह गई। महिलाओं से बलात्कार और धर्म परिवर्तन की घटनायें और अधिक हो गई। कई परिवार शरणार्थी बनकर भारत आ गए। इसी प्रकार अफगानिस्तान व बंगलादेश में हुआ। धूमल ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून किसी की नागरिकता छीनने के लिये नहीं, अपितु पड़ोसी तीन मुस्लिम देशों से आये हुये अल्पसंख्यक हिन्दू, सिख, जैन, बौद्ध, इसाई और पारसी को नागरिकता देने के लिये है।
The post केवल शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर सकते हैं छात्र : अमरेंद्र appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/35hvUxr
via Latest News in Hindi
0 Comments