न्यू इयर के जश्न में डूबी पर्यटन नगरी शिमला
शिमला, 31 दिसंबर (निस)
पर्यटन नगरी व राजधानी शिमला नए साल के स्वागत में हो रहे जश्न में डूब गई है। आसपास के तमाम पर्यटक स्थल सैलानियों से सराबोर हैं और सभी छोटे-बड़े होटलों में नए साल का जश्न मनाया जा रहा है जो रात बारह बजे तक चलेगा। पहाड़ों की रानी शिमला का नए साल का जश्न विशेष है क्योंकि यहां होटलों में पार्टियों में उमड़ने वाली भीड़ से कहीं ज्यादा भीड़ खुले आसमान के नीचे नाच-गाने के बीच नए साल का स्वागत करती है। पूर्व संध्या के मौके पर हो रहे इस जश्न के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए 400 से अधिक पुलिस जवान सुरक्षा में तैनात हैं। सीसी टीवी कैमरों से भी पूरे शहर पर नजर रखी जा रही है। शिमला और आसपास के तमाम पर्यटक स्थलों पर होटलों में आज शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी है और ये आगामी 4 जनवरी तक इसी तरह रहेगी।
इस बीच उम्मीदों के विपरीत पहाड़ों की रानी शिमला में इस बार भी नए साल की पूर्व संध्या का जश्न खिली धूप के बीच मना और इस मौके पर बर्फबारी की उम्मीद पूरी नहीं हुई तथा मौसम विभाग के पूर्वानुमान एक बार फिर गलत साबित हुए। हालांकि मौसम विभाग ने अब 2 जनवरी से 4 जनवरी के बीच प्रदेश में व्यापक वर्षा और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है।
मुख्यमंत्री ने की माल रोड की सैर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज नव वर्ष की पूर्व संध्या पर शिमला के माल रोड की सैर की व स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों से बातचीत की और उन्हें नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, कृषि मंत्री डा. रामलाल मारकण्डा, उपायुक्त अमित कश्यप तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।
कड़ाके की ठंड का दौर जारी : हिमाचल प्रदेश में तापमान के लगातार गिरने से कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। शिमला सहित आधे प्रदेश का पारा माइनस में चल रहा है। पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी क्षेत्र भी भीषण सर्दी की जद में हैं और न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है। आज प्रदेश के छह जिलों का तापमान माइनस में रहा। इन जिलों में लाहौल-स्पीति, किन्नौर, शिमला, चंबा, कुल्लू और सोलन शामिल हैं।
यातायात जाम से जूझता रहा शहर : शिमला में पर्यटकों की भारी रेलमपेल ने पूरे शहर की यातायात व्यवस्था को चरमरा कर रख दिया है। दिनभर शहर यातायात जाम से जूझता रहा। पर्यटक स्थल कुफरी, फागू, नालदेहरा, चायल और नारकंडा में भी पर्यटकों को लम्बे ट्रैफिक जाम से दो-चार होना पड़ा। कुफरी, फागू, चायल और नारकंडा में बर्फ देखने पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के इंतजाम नाकाफी साबित हुए।
राज्यपाल, अनुराग ने दी शुभकामनाएं
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेशवासियों को नव वर्ष 2020 की शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने संदेश में आशा व्यक्त की है कि नव वर्ष प्रदेशवासियों के जीवन में खुशियां व समृद्धि लेकर आएगा। वहीं केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनायें देते हुए आने वाले वर्ष में हिमाचल प्रदेश में विकास कार्यों के पंख लगने की बात कही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि विकास की दृष्टि से हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में शुमार हो, इसके लिये केंद्र और प्रदेश सरकार ने अनेक नीतिगत निर्णय लिये हैं। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भी नए साल के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी।
The post न्यू इयर के जश्न में डूबी पर्यटन नगरी शिमला appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2SGajMz
via Latest News in Hindi

0 Comments