नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा)
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने अपने अध्यक्ष पद का चुनाव कराने के लिए सोमवार को फरवरी में होने वाले विधानसभा चुनावों तक का समय मांगा। डीडीसीए ने साथ ही स्पष्ट कर दिया कि लोढा समिति की सिफारिशों के अनुसार भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के पात्र ही नहीं हैं। डीडीसीए के महासचिव विनाद तिहाड़ा ने यहां कहा, ‘लोकपाल दीपक वर्मा को अध्यक्ष पद का चुनाव कराने के लिए अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया जाएगा। चुनाव जनवरी के अंत में होने हैं लेकिन आग्रह किया जाएगा कि यह फरवरी में दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद हों।’ रजत शर्मा के इस्तीफे के बाद खाली हुए अध्यक्ष पद के लिए गंभीर की उम्मीदवारी पर तिहाड़ा ने कहा, ‘दिल्ली क्रिकेट की सेवा के लिए उनका स्वागत है लेकिन वह अध्यक्ष तभी बन सकते हैं जब सांसद के रूप में इस्तीफा दें।’
तिहाड़ा ने साथ ही रविवार को संपन्न विवादों से भरी वार्षिक आम बैठक के दौरान हाथापाई करने वालों के खिलाफ एक हफ्ते के भीतर कड़ी कार्रवाई करने का भी वादा किया।

The post गौतम गंभीर अध्यक्ष पद चुनाव लड़ने के पात्र ही नहीं : डीडीसीए appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/358a4wA
via Latest News in Hindi

0 Comments