मेलबर्न, 30 दिसंबर (भाषा)
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) 2023 से विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में शामिल मुकाबलों को अनिवार्य रूप से 4 दिवसीय करने पर विचार कर रहा है जिससे व्यस्त कार्यक्रम में समय की बचत की जा सके। आईसीसी की क्रिकेट समिति 2023-2031 सत्र के लिए टेस्ट मैचों को औपचारिक रूप से 5 की जगह 4 दिन के करने पर विचार करेगी। इस विचार के पीछे कई वजह हैं जिसमें आईसीसी और अधिक वैश्विक प्रतियोगिताओं के आयोजन करना चाहता है और बीसीसीआई ने भी इस सत्र में अधिक द्विपक्षीय मुकाबलों की मांग की है। इसके अलावा दुनिया भर में टी20 लीग का प्रसार हो रहा है और 5 दिवसीय मैच की मेजबानी में होने वाला खर्च भी शामिल है। अगर 2015-2023 सत्र में 4 दिवसीय टेस्ट मैच खेले जाते तो खेल से 335 दिन बच जाते। इस साल की शुरुआत में इंगलैंड और आयरलैंड ने 4 दिवसीय टेस्ट खेला था। इससे पहले 2017 में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे ने भी ऐसा ही मैच खेला था। यह ऐसा मुद्दा है जिस पर खेल से जुड़े हितधारक अलग-अलग दृष्टिकोण रख सकते हैं।

आस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन समर्थन में नहीं
आस्ट्रेलिया के कप्तान टिम पेन हालांकि इस विचार से बहुत उत्साहित नहीं हैं। उन्होंने मेलबर्न में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली 247 रन की जीत के बाद कहा, ‘अगर ऐसा होता तो एशेज सीरीज़ में हमें जो नतीजे मिले वे नहीं मिलते। मुझे लगता है हर मैच 5वें दिन तक चला था।’
अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी : गांगुली
कोलकाता : बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि 2023 से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के मैचों को 4 दिवसीय टेस्ट के रूप में कराने के आईसीसी के प्रस्ताव पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। बिना सोचे समझे टिप्पणी नहीं कर सकते। गांगुली ने क्रिकेट सलाहकार समिति के गठन पर भी कोई जानकारी नहीं दी जिसे राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नियुक्ति करनी है।

The post टेस्ट मैच 4 दिवसीय करने की तैयारी में आईसीसी appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2tkC6HH
via Latest News in Hindi

0 Comments