बेंगलुरू, 30 दिसंबर (भाषा)
विकास कृष्ण (69 किलोग्राम) ने सोमवार को यहां 2 अन्य मुक्केबाजों के साथ अपना अंतिम ट्रायल मुकाबला जीतकर अगले साल होने वाले ओलंपिक क्वालीफायर के लिये भारतीय पुरुष मुक्केबाजी टीम में जगह बनायी। विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों के पूर्व पदक विजेता विकास लंबे समय तक 75 किलोग्राम में खेलते रहे लेकिन पीठ की चोट से उबरने के बाद उन्होंने 69 किलोग्राम में वापसी की। इससे पहले 2 बार ओलंपिक में भाग ले चुके 26 वर्षीय विकास ने ट्रायल्स फाइनल्स में दुर्योधन सिंह नेगी को सर्वसम्मत फैसले में हराया। चीन में 3 से 14 फरवरी के बीच होने वाले एशिया ओसेनिया क्षेत्रीय क्वालीफायर के लिये राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता गौरव सोलंकी (57 किग्रा) और नमन तंवर (91 किग्रा) ने भी टीम में जगह बनायी। सोलंकी ने मोहम्मद हसमुद्दीन को जबकि तंवर ने नवीन कुमार को हराया। भारतीय पुरुष मुक्केबाजी के हाई परफोरमेन्स निदेशक सैंटियागो नीवा ने कहा, ‘गौरव सोलंकी ने हसमुद्दीन के खिलाफ कड़े मुकाबले में शानदार वापसी की। जहां तक विकास की बात है तो वह प्रतिबद्ध है और हमारी उससे काफी उम्मीदें हैं।’ नीवा ने कहा, ‘‘प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी थी और प्रत्येक भार वर्ग में कड़े मुकाबले देखने को मिले। टीम वास्तव में मजबूत नजर आ रही है। ओलंपिक क्वालीफायर्स से पहले हमारे पास एक महीने का समय है। हम कड़ा अभ्यास करेंगे और जहां सुधार जरूरी है उन पर काम करेंगे।’
एशिया-ओसेनिया ओलंपिक क्वालीफायर के लिए टीम
अमित पंघाल (52 किग्रा), गौरव सोलंकी (57 किग्रा), मनीष कौशिक (63 किग्रा), विकास कृष्ण (69 किग्रा), आशीष कुमार (75 किग्रा), सचिन कुमार (81 किग्रा), नमन तंवर (91 किग्रा), सतीश कुमार (+ 91 किग्रा)।

The post विकास कृष्ण ओलंपिक क्वालीफायर्स के लिये टीम में appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/37oicdG
via Latest News in Hindi

0 Comments