नयी दिल्ली, 16 दिसंबर (एजेंसी)
सुप्रीमकोर्ट ने संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और उपद्रव पर सोमवार को सख्त रुख अपनाया और कहा कि यह सब फौरन बंद होना चाहिए। सीएए के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और यहां के जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के आरोप लगाने वाली याचिकाओं पर कल मंगलवार को सुनवाई करने पर शीर्ष अदालत ने सहमति जताई, लेकिन कहा कि वह हिंसा के ऐसे माहौल में सुनवाई नहीं करेगी।
चीफ जस्टिस एसए बोबडे की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि हम बस इतना चाहते हैं कि हिंसा बंद हो जानी चाहिए।
पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सड़क पर छात्र
नयी दिल्ली (एजेंसी) : जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में रविवार रात की पुलिस कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को सैकड़ों छात्र परिसर के बाहर सड़कों पर उतर आये। प्रदर्शनकारियों में विभिन्न राज्यों से आई छात्राएं भी शामिल थीं। स्थानीय लोग और कुछ परिजन भी प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में सामने आए। सुबह हाड़ कंपाने वाली ठंड में कुछ छात्रों ने कमीजें उतारकर नारेबाजी की। छात्रों के समूह ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाए और मार्च निकाला। उन्होंने पुलिस पर बर्बरता का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की। हाथ में तिरंगा लिए हुए, छात्रों ने तालियां पीटीं और केंद्र सरकार व दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा, ‘यह सरकार अल्पसंख्यक विरोधी, छात्र विरोधी और गरीब विरोधी है। हम यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम चुप नहीं बैठेंगे।’
छात्रों के एक समूह ने दावा किया कि पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर में 2 मस्जिदों को तोड़ दिया, इमाम और एक नेत्रहीन छात्र (अरसलान) को पीटा, जो पुस्तकालय के भीतर था। छात्र अनस सिद्दिकी ने कहा कि पुलिस ने उन्हें ‘आतंकवादी’ कहा और उन्हें परिसर से बाहर आकर सामना करने की चुनौती दी। एक छात्र ने कहा, ‘हमारे सहपाठियों को बुरी तरह पीटा गया। पुलिसकर्मी शौचालयों, पुस्तकालयों में घुस आए। उन्होंने लड़कियों को भी पीटा। हमारा प्रदर्शन दिल्ली पुलिस की गुंडागर्दी के खिलाफ है।’
डीयू के छात्रों ने किया परीक्षाओं का बहिष्कार
दिल्ली विश्वविद्यालय के कई छात्रों ने जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ एकजुटता दर्शाने के लिए सोमवार को परीक्षाओं का बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। इसके बाद कला संकाय में भारी बल की तैनाती कर दी गई है।
सिसोदिया और आप विधायक के खिलाफ एफआईआर
भाजपा की दिल्ली ईकाई ने हिंसा भड़काने का आरोप लगाते हुए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, आप के विधायक अमानतुल्ला खान और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। आरोप है कि सिसोदिया, खान और अन्य ने साजिश रची और हिंसा भड़कायी।

The post सुप्रीमकोर्ट आज सुनवाई को सहमत appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2PVgyJB
via Latest News in Hindi

0 Comments