गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व के समारोह के मौके पर पवित्र शहर सुल्तानपुर लोधी में शुक्रवार को की गयी सजावट। -मनोज महाजन

कपूरथला, 8 नवंबर (निस)
पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु नानक देव जी के 550 वें प्रकाश पर्व संबंधी बाबा नानक की चरण छोह प्राप्त धरती सुल्तानपुर लोधी में स्थापित मुख्य पंडाल गुरु नानक दरबार के नजदीक खड़ी पर्यटन व संस्कृति मामले विभाग की प्रदर्शनी बस श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है,जिसको देखने के लिए बड़ी गिनती में पहुंच रही संगत को पवित्र नगरी सुल्तानपुर लोधी सहित अन्य धार्मिक महत्ता वाले स्थानों की जानकारी से भरपूर पुस्तिका भी नि:शुल्क बांटी जा रही है। बस में पंजाब के प्रमुख धार्मिक स्थानों की तस्वीरें सजाई गई हैं । जहां तस्वीरों के माध्यम से श्री हरिमंदिर साहिब,राम तीर्थ मंदिर व दुर्ग्याना मंदिर आदि की महिमा का बयान किया गया है वहीं जलियांवाले नरसंहार को याद करती तस्वीरें भी शामिल की गई हैं। एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। पर्यटन व संस्कृति मंत्रालय विभाग के अतिरिक्त डायरेक्टर लखमीर सिंह ने बताया कि इस प्रदर्शनी बस का मकसद पंजाब की संस्कृति दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाना है।
सीएम के राजनीतिक सचिव ने जांची तैयारियां
कपूरथला (निस) : श्रीगुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर 12 नवंबर को सुलतानपुर लोधी में होने वाले विशेष समागम का जायज़ा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव कैप्टन संदीप संधू ने लिया और कहा कि पवित्र दिहाड़े के विशेष समागम में प्रबंधों के लिहाज से कोई कमी न रहे। 12 नवंबर के इस विशेष समागम में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह समेत ओर भी कई मशहूर शख़्सियतें हाजिऱी भरेंगी। इस मौके आईजी नौनिहाल सिंह, डिप्टी कमिश्नर डीपीएस खरबन्दा और एसएसपी सतीन्द्र सिंह ने कैप्टन संधू को समागम की तैयारियों बारे बताया।
बठिंडा : मनप्रीत बादल की देख रेख में हो रहे आयोजन
बठिंडा (निस) : गुरु नानक देव के 550वें अवतार दिवस के संबंध में नगर निगम बठिंडा पूरी तैयारियों में लगा हुया है। शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान नगर निगम आयुक्त विक्रमपाल सिंह शेरगिल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये कार्यक्रम 7 नवंबर से शुरू हो चुके हैं जो 12 नवंबर तक चलेंगे। रोज गार्डन में भी 11 नवंबर को सायं कार्यक्रम होगा। जोगर पार्क में 550 विभिन्न प्रकार के पौघे विभिन्न धार्मिक, सामाजिक व अन्य वर्गों द्वारा लगाये जायेंगे। ये आयोजन पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल की देख रेख में किये जा रहे हैं। जिलाधीश बी़ श्रीनिवासन ने बताया कि 10 नवंबर को सुबह पुलिस पब्लिक स्कूल से साइकिल रैली शुरू होगी।
झूठी निकली आतंकी घुसने की खबर
गुरदासपुर (निस) : यहां डेरा बाबा नानक में प्रधान मंत्री की रैली के 2 दिन पहले देश के न्यूज चैनलों पर खबर का चलना कि डेरा बाबा नानक के पास से कुछ आतंकी भारत में घुसे हैं, आखिरकार मात्र अफवाह निकली। लेकिन यह खबर पूरा दिन चर्चा का विषय बनी रही। लेकिन अफवाह उड़ाने वाले का प्रशासन को कोई सुराग नहीं लगा। गौरतलब है कि डेरा बाबा नानक कारिडोर का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी इसका शुभारंभ करने के लिये पहुंच रहे हैं। समारोह के दो दिन पहले टीवी चैनलो पर सूत्रों के हवाले से एक समाचार चलाया गया कि गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक के पास से कुछ आंतकी सीमा पार करके भारत में घुसे हैं जिसके बाद देश की सभी एजेंसियां, पुलिस प्रशासन और सीमा सुरक्षा बल अलर्ट हो गया। जब इस खबर की पुष्टि करने के लिये जब डीआईजी बीएसएफ राजेश कुमार तथा आईजी बार्डर रेंज एसपीएस परमार से बात की गयी तो उन्होंने इस खबर को निराधार और झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है हम सीमा पर पैनी नजर रखे हुए हैं। उनसे इस संबंधी न तो किसी ने कोई बात की और न ही ब्यान लिया। बार्डर से किसी ने कोई सीमा पार नही की।

The post श्रद्धालुओं ने तस्वीरों में किये धार्मिक स्थलों के दर्शन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2CDrGER
via Latest News in Hindi

0 Comments