आध्यात्मिकता, अलौकिक प्रकाश से सराबोर हुई ब्यास
कपूरथला, 7 नवंबर (निस)
कपूरथला के गांव मंडी मंड कुल्ला में प्रकाश पर्व पर पंजाब सरकार की ओर से ब्यास में करवाए गए मल्टी मीडिया फ्लोटिंग लाइट एंड साउंड शो का एक दृश्य।-निस
पहली पातशाही श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार की ओर से कपूरथला के गांव मंडी मंड कुल्ला में ब्यास दरिया में करवाए गए मल्टी मीडिया फ्लोटिंग लाइट एंड साउंड शो आध्यात्मिकता व अलौकिक प्रकाश से सराबोर हो गया। जिले में ब्यास पर हो रहे विशेष समागमों के अंतर्गत भुलत्थ उप-मंडल के गांव मंडी मंड कुल्ला के नजदीक ब्यास नदी पर श्रद्धापूर्वक व शानदार तरीके से जिला एवं सत्र न्यायाधीश किशोर कुमार, डिप्टी कमिश्नर डीपीएस खरबंदा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राम कुमार सिंगला, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजविंदर कौर, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमन कुमार, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जसपाल वर्मा, सिविल जज जसवीर कौर, महेश कुमार, प्रियंका शर्मा, सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथॉरिटी अजीत पाल सिंह, एसडीएम रणदीप सिंह हीर की उपस्थिति में आगाज किया गया।
डिप्टी कमिश्नर डीपीएस खरबंदा ने कहा कि फ्लोटिंग लाइट एंड साउंड शो के दौरान गुरु साहिब के जीवन वृतांत को मल्टी मीडिया तकनीक के माध्यम से प्रदर्शितत करना सरकार का बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की ओर से सामाजिक एकजुटता का दिखाया सिद्धांत सामाजिक बुराइयों के खिलाफ हमेशा मानवता का पथ प्रदर्शन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि यह शो 8 नवंबर को भी इसी स्थान गांव मंडी मंड कुल्ला नजदीक ब्यास दरिया में रात 8 बजे से 9 बजे तक होगा।
बेर साहिब में नतमस्तक हुए नीतीश कुमार
सुल्तानपुर लोधी में बृहस्पतिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कीर्तन सुनते हुए।- निस
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बृहस्पतिवार को श्री गुरुनानक देव के 550वें प्रकाश पर्व समारोह को लेकर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों में हिस्सा लेने श्री बेर साहिब पहुंचे। वह यहांं नतमस्तक हुए और लंगर मेंं मक्की की रोटी और सरसों के साग का स्वाद चखा। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी सभी के साझे रहबर थे, जिन्होंने सरबत के भले का कॉन्सेप्ट देकर मानवता की अनूठी मिसाल कायम की है। बिहार के मुख्यमंत्री सुल्तानपुर लोधी में संत बलबीर सिंह सीचेवाल के पास निर्मल कुटिया में भी गए। वहां उन्होंने सीचेवाल से मुलाकात कर उनके द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। बिहार के सीएम ने वहां पौधरोपण भी किया और इसके बाद काली बेईं की सफाई का जायजा भी लिया।
विश्व सिख युवा सम्मेलन का आयोजन
प्रकाश पर्व के अंतरराष्ट्रीय समागमों के अंतर्गत सुल्तानपुर लोधी में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से विश्व सिख नौजवान सम्मेलन का आयोजन किया गया। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के भाई मर्दाना दीवान हाल में नौजवानों को संबोधन के दौरान श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने सिख युवाओं से अपील की कि वे सिख संस्थाओं, सिद्धांतों पर संकल्पों को ऊंचा उठाने की ज़िम्मेदारी निभाने के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि पंथक परंपराओं, सिद्धांतों और संस्थाओं की मज़बूती बहुत ज़रूरी है। इस मौके पर जगीर कौर ने कहा कि शताब्दी समारोहों का उद्देश्य अपनी कौम के नौजवानों में अपनी विरासत और इतिहास के प्रति चेतना व जज़्बा पैदा करना है।
The post आध्यात्मिकता, अलौकिक प्रकाश से सराबोर हुई ब्यास appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2NpPnGL
via Latest News in Hindi
0 Comments