टेरर फंडिंग के खिलाफ करें वैश्विक प्रयास
मेलबर्न में बृहस्पतिवार काे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत के गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी अन्य देशों के नेताओं के साथ। -एजेंसी
मेलबर्न, 7 नवंबर (एजेंसी)
भारत ने पाकिस्तान पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति होनी चाहिए। उन्होंने आतंकवाद का समर्थन और आतंकवाद के लिये वित्तीय सहायता मुहैया कराने वालों के खिलाफ संयुक्त वैश्विक प्रयासों का आह्वान किया।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी ने यहां ‘आतंकवाद के लिए कोई धनराशि नहीं’ (नो मनी फॉर टेरर) सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में अपने संबोधन में कुछ देशों द्वारा आतंकवादी संगठनों को दिये जा रहे मौन समर्थन पर भी भारत की चिंता जाहिर की। उन्होंने किसी देश का नाम लिये बगैर कहा कि आतंकवाद का समर्थन या उनके लिए धन उपलब्ध कराने वाले सभी लोगों के खिलाफ संयुक्त वैश्विक प्रयास किये जाने की जरूरत है। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में रेड्डी ने कहा कि भारत सीमा पार आतंकवाद का पीड़ित है और आतंकवाद को लेकर उसकी कतई बर्दाश्त नहीं करने की रणनीति है। इस सम्मेलन में 65 देश हिस्सा ले रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि 2011 में ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बावजूद अलकायदा से संबद्ध कई संगठन और सदस्य दुनिया के कई हिस्सों में अब भी मौजूद हैं और उन्होंने चेतावनी दी कि हाल में आईएसआईएस प्रमुख अबु बक्र अल बगदादी के खात्मे के बावजूद यह मान लेने की कोई गुंजाइश नहीं है कि ‘खलीफा’ बचे रहने के लिये संघर्ष नहीं करेगा। मंत्री पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं जिसमें राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक वाई सी मोदी भी शामिल हैं। रेड्डी ने कहा, ‘आतंकवाद और उसके वित्त पोषण को रोकने के लिये भारत कई देशों के साथ लगातार करीबी सहयोग बनाए हुए है। ऐसे सहयोग से कई आतंकी मॉड्यूल को कानून के दायरे में लाने के सफल अभियानों को अंजाम दिया गया है।’
The post टेरर फंडिंग के खिलाफ करें वैश्विक प्रयास appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2pT30VN
via Latest News in Hindi
0 Comments