कोलकाता/भुवनेश्वर, 7 नवंबर (एजेंसी)
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बन रहे चक्रवात के अगले दो दिनों में ‘बहुत गंभीर’ चक्रवात में तब्दील होकर पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और ओडिशा के तट के करीब से गुजरने की आशंका है जिससे ओडिसा इसके प्रकोप से बच भी सकता है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक जीके दास ने कहा, ‘चक्रवात ‘बुलबुल’ कोलकाता से 930 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व अवस्थित है और गुरुवार रात को इसके और मजबूत होने की संभावना है। शनिवार को यह और ताकतवर होकर ‘बहुत गंभीर’ श्रेणी में पहुंच जाएगा जिससे समुद्र में स्थिति प्रतिकूल हो सकती है।’ इसके मद्देनजर मछुआरों को गुरुवार शाम तक तट पर लौटने और अगले आदेश तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। दास ने कहा,‘तूफान के उत्तर-उत्तर पश्चिम में पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तट की ओर रुख करने की संभावना है।’ चक्रवात ‘बुलबुल’ के प्रभाव क्षेत्र में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटे दर्ज की गई और जबकि केंद्र में इसकी गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे है। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगर यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होता है तो इसकी अधिकतम गति 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे पहुंच जाएगी और तूफान के केंद्र में गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों 9 से 11 नवंबर तक भारी बारिश होने की संभावना जतायी है।
उधर, भुवनेश्वर में मौसम विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने कहा कि चक्रवात पर करीब से नजर रखी जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसकी सटीक दिशा क्या है और यह कहां दस्तक देगा। उन्होंने कहा, “चक्रवात के गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है। संभव है कि यह पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटों की ओर उत्तर-उत्तरपश्चिम में बढ़े।” साथ ही उन्होंने कहा कि ओडिशा इसके प्रकोप से बच भी सकता है।

The post चक्रवात ‘बुलबुल’ हुआ ‘बहुत गंभीर’ appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2JYsesE
via Latest News in Hindi

0 Comments