नयी दिल्ली में बृहस्पतिवार काे दिल्ली कांग्रेस के नेता गुरु नानक देव की 550वीं जयंती के मौके पर करतारपुर साहिब गुरुद्वारा में चढ़ाने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को चांदी का एक छत्र और रुमाला सौंपते हुए। -एजेंसी

इस्लामाबाद, 7 नवंबर (एजेंसी)
पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि करतापुर साहिब आने वाले भारतीय सिख श्रद्धालुओं के लिए पासपोर्ट जरूरी होगा। कुछ ही दिन पहले प्रधानमंत्री इमरान खान ने घोषणा की थी कि भारतीय श्रद्धालुओं को पवित्र गुरुद्वारा दरबार साहिब आने के लिए महज एक वैध पहचानपत्र की जरूरत होगी। अब पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल आसिफ गफूर ने पासपोर्ट को जरूरी बताया है। इससे एक दिन पहले ही भारत ने पाकिस्तान से स्पष्ट करने को कहा था कि श्रद्धालुओं को पासपोर्ट की जरूरत होगी या नहीं। पाक पीएम इमरान गुरुद्वारा दरबार साहिब तक बिना वीजा पहुंच देने वाले करतारपुर गलियारे का उद्घाटन शनिवार को करेंगे। यह गलियारा सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 550वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस हफ्ते खोला जा रहा है।
डॉन न्यूज की खबर के मुताबिक गफूर ने कहा, ‘सुरक्षा कारणों से प्रवेश पासपोर्ट के जरिये ही दिया जाएगा। सुरक्षा एवं संप्रभुता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।’ बता दें कि गत एक नवंबर को इमरान ने ट्वीट किया था कि उन्होंने दो शर्तों को माफ कर दिया है। इनमें से एक पासपोर्ट से जुड़ी शर्त थी, जबकि दूसरी भारत से आने वाले सिखों द्वारा 10 दिन पहले पंजीकरण कराने से जुड़ी थी। इसके अलावा उद्घाटन समारोह और 12 नवंबर को सिख गुरु की 550वीं जयंती के मौके पर आने वाले श्रद्धालुओं से 20 डॉलर का सेवा शुल्क भी नहीं वसूलने का ऐलान किया गया था।
मुद्दे को भुनाने में जुटा पाक
करतारपुर गलियारा खोले जाने के मुद्दे को पाकिस्तान भुनाने में जुटा है। इसका राजनयिक स्तर पर प्रचार करते हुए इस्लामाबाद स्थित विदेशी दूतावासों/उच्चायोगों के प्रमुखों और उनके प्रतिनिधियों को करतारपुर गलियारा खोले जाने की जानकारी दी। विदेश सचिव ने रेखांकित किया कि पाकिस्तान ने यह कदम दुनिया भर के, विशेषकर भारत के सिख श्रद्धालुओं द्वारा लंबे समय से किए जा रहे अनुरोध को स्वीकार करने की दिशा में उठाया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु वाघा बॉर्डर से भी आएंगे।

The post करतारपुर : पाकिस्तानी सेना ने कहा-पासपोर्ट अनिवार्य appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/33spkUX
via Latest News in Hindi

0 Comments