कपूरथला, 18 अक्तूबर (निस)

कपूरथला में शुक्रवार को जस्टिस जसबीर सिंह को बेईं में गिर रहे गंदे पानी को दिखाते संत सीचेवाल।-निस

नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा बनाई गई निगरान कमेटी के प्रमुख जस्टिस जसबीर सिंह ने अधिकारियों को सख्त हिदायतें की कि श्री गुरु नानक देव जी की चरण स्पर्श पवित्र काली बेईं में गिर रहे गंदे पानी को 31 अक्तूबर तक हर हाल में रोका जाए ताकि 550वें प्रकाश पर्व पर संगत साफ सुथरे पानी में स्नान कर
सके। उन्होंने पर्यावरण प्रेमी व निगरान कमेटी के सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल के साथ पवित्र काली बेईं के उन स्थानों का दौरा किया जहां अभी भी गंदा पानी गिर रहा है। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर डीपीएस खरबंदा व अन्य अधिकारियों से बैठक कर स्पष्ट हिदायत की कि 31 अक्तूबर तक बेई में गिर रहे गंदे पानी को हर हाल में रोका जाए। उन्होंने कहा कि अगर कम समय में पक्के तौर पर प्रबंध नहीं हो सके तो इसके आरजी तौर पर प्रबंध कर यकीनी बनाया जाए कि बेई में गंदा पानी किसी भी रूप में न गिरे।

साफ पानी छोड़े पंजाब सरकार
जस्टिस जसबीर सिंह ने कहा कि 550वें प्रकाश पर्व के लिए प्रबंध करने के लिए जिस भी कंपनी को कार्य दिया गया है, उसका सीईओ भी यह यकीनी बनाएगा कि मेले दौरान सुल्तानपुर लोधी व आसपास के क्षेत्र में किसी तरह की भी गंदगी नहीं होने दी जाएगी। मेले के मुख्य प्रबंधक ने यदि ऐसा न किया तो उन पर बड़े जुर्माने भी लगाए जाएंगे। उन्होंने पंजाब सरकार को भी हिदायत की कि वह तुरंत पवित्र काली बेईं में साफ पानी छोड़े। उन्होंने बताया कि कपूरथला का एसटीपी चलाने के लिए नगर परिषद पंजाब प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड को डेढ़ करोड़ रुपये देगी जिसमें 50 लाख रुपये दे दिए गए हैं। बाकी दो किश्तों में देगी जिसमें एक किश्त मार्च 2020 तक दे दी जाएगी। इस अवसर पर निगरान कमेटी के सदस्य बाबू राम, पीपीसीबी के एक्सीयन अरुण कक्कड़ व अन्य अधिकारी मौजूद थे।

 

The post पवित्र बेईं में गिर रहा गंदा पानी 31 तक रोकने के निर्देश appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2J3lCbY
via Latest News in Hindi

0 Comments