योगेश्वर दत्त, पूर्व हॉकी कैप्टन संदीप सिंह भाजपा में शामिल
नयी दिल्ली में बृहस्पतिवार को रेसलर योगेश्वर दत्त, भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह, शिअद के विधायक बलकौर सिंह हरियाणा के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में पार्टी में शािमल होते हुए। -मुकेश अग्रवाल
नयी दिल्ली, 26 सितंबर (ट्रिन्यू)
रेसलर योगेश्वर दत्त और भारतीय हॉकी के पूर्व कैप्टन संदीप सिंह ने बृहस्पतिवार को हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में पार्टी का दामन थाम लिया। इसके साथ हरियाणा में शिरोमणि अकाली दल के एकमात्र विधायक बलकौर सिंह भी भाजपा में शामिल हो गए। माना जा रहा है कि भाजपा तीनों को चुनाव मैदान में उतार सकती है।
बबीता फौगाट के बाद अब रेसलर योगेश्वर दत्त भी राजनीति के अखाड़े में उतर आए हैं। संदीप सिंह समेत इन खिलाड़ियों को अपने पाले में लाने से भाजपा ने प्रदेश के युवा खासतौर पर खेलों में दिलचस्पी रखने वाले युवाओं को अपनी ओर खींचने की कोशिश की है। इन तीनों ने एक सुर में कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। वहीं बराला ने कहा कि तीनों के शामिल होने से पार्टी के मिशन 75 प्लस को मजबूती मिलेगी।
योगेश्वर दत्त के कई दिनों से भाजपा में शामिल होने की चर्चा थी। उन्होंने 2012 ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीता था। 2010 और 2014 के राष्ट्रमंडल खेलों तथा 2014 के एशियन गेम्स में भी उन्होंने पदक जीते। संदीप सिंह को 2010 में अर्जुन पुरस्कार मिल चुका है। कुरुक्षेत्र में शाहाबाद मारकंडा के रहने वाले संदीप सिंह के जीवन पर ‘सूरमा’ नामक फिल्म बन चुकी है। उन्होंने 2007 बेल्जियम चैंपियंस चैलेंज, 2009 सुलतान अजलान शाह कप और 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय हॉकी टीम का नेतृत्व किया था। हरियाणा सरकार ने दोनों को डीएसपी का पद दिया था, लेकिन अब इसे छोड़ कर ये राजनीति में उतर गए हैं।
सिरसा के कालांवाली से जीते थे बलकौर
बलकौर सिंह सिरसा के कालांवाली सीट से शिरोमणि अकाली दल विधायक हैं। हरियाणा में 2014 के चुनाव में शिरोमणि अकाली दल ने यही एक मात्र सीट जीती थी। तब अकाली दल का इनेलो के साथ गठबंधन था, लेकिन अब इनेलो में टूट के बाद अकाली दल के भाजपा के साथ गठबंधन की चर्चा थी। लेकिन भाजपा इकलौते अकाली विधायक को अपने पाले में ले आई।
The post योगेश्वर दत्त, पूर्व हॉकी कैप्टन संदीप सिंह भाजपा में शामिल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2m7Bces
via Latest News in Hindi
0 Comments