शिमला, 2 जून (निस)
अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव का विधिवत शुभारंभ राज्यपाल आचार्य देवव्रत कल 3 जून को करेंगे। यह जानकारी आज उपायुक्त शिमला एवं अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के अध्यक्ष अमित कश्यप ने दी। अमित कश्यप ने कहा कि आचार्य देवव्रत कल सायं 8 बजे अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव की सभी सांस्कृतिक संध्याएं सांय 4 बजे से आरंभ होगी। 3, 4 तथा 5 जून की सांस्कृतिक संध्याएं रात्रि 10 बजे समाप्त होंगी जबकि 6 जून की सांस्कृतिक संध्या मध्य रात्रि 12 बजे समाप्त होगी। अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव में आमजन की सुविधा के लिए प्रदेश पथ परिवहन निगम द्वारा विशेष बस सेवा संचालित की जाएगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए ग्रीष्मोत्सव के दौरान 3 से 6 जून तक कार्टरोड शिमला पर मुद्रिका बस सेवा चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पथ परिवहन निगम की विशेष बस सेवा पंथाघाटी, मैहली मार्ग तथा ढली मार्ग पर चलाई जाएंगी। पुराना बस अड्डा से छोटा शिमला, संजौली, आईजीएमसी, लक्कड़-बाजार, विक्ट्री टनल एवं पुराना बस अड्डा मार्ग पर बस सेवाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुराना बस अड्डा से हिमलैंड, टालैंड, खलीनी, बीसीएस, विकासनगर, पंथाघाटी होते हुए मैहली मार्ग पर भी बस सेवा उपलब्ध रहेगी। पथ परिवहन निगम की ये बस सेवा रात्रि 10 बजे तक चलायी जाएगी।

The post लोगों की सुविधा के लिए चलेंगी विशेष बसें appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/312vBWq
via Latest News in Hindi

0 Comments