नाटिंघम के ट्रेंटब्रिज में इंगलैंड के विरुद्ध सोमवार को होने वाले विश्वकप मैच से पूर्व पाक खिलाड़ी हल्का-फुल्का अभ्यास करते हुए। -एएफपी

लंदन, 2 जून (एएफपी)
बल्लेबाजों की ऐशगाह पिचों पर भले ही इंगलैंड टीम के 500 रन बनाने के कयास लगाये जा रहे हों लेकिन इन अटकलों से परे मेजबान का पूरा फोकस सोमवार को दोपहर 3 बजे होने वाले पाकिस्तान के खिलाफ विश्वकप के अगले मैच पर है। इंगलैंड ने वनडे क्रिकेट में 2 बार सर्वाधिक स्कोर का रिकार्ड बनाया है। पहले पाकिस्तान के खिलाफ 2016 में तीन विकेट पर 444 रन बनाये थे जबकि पिछले साल इसी पिच पर 6 विकेट पर 481 रन जोड़े। दूसरी ओर पाकिस्तान बल्लेबाज नाटिंघम में पिछले मैच में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों के बाउंसर्स नहीं झेल सके और 105 रन पर आउट हो गये। विश्वकप के प्रबल दावेदारों में शुमार इंगलैंड ने उद्घाटन मैच में दक्षिण अफ्रीका को 104 रन से हराया था। उस मैच में खतरनाक साबित हुए जोफ्रा आर्चर शार्ट पिच गेंदों से पाकिस्तान की परेशानियां बढ़ा सकते हैं। उनका साथ देने के लिये मार्क वुड को टीम में शामिल किया गया है। इंगलैंड के सहायक कोच ग्राहम थोर्प ने कहा,‘हमने पाकिस्तान और वेस्टइंडीज का मैच देखा। कैरेबियाई टीम ने बेहतरीन गेंदबाजी की। हमने वही देखकर वुड को टीम में मौका दिया है।’ इस सत्र की शुरूआत से वुड ने अब तक सिर्फ 13.1 ओवर डाले हैं चूंकि उनके टखने की चोट फिर उभर आने का खतरा था। इंगलैंड 2015 विश्व कप में पहले दौर में बाहर होने के बाद वनडे रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गई। पहले मैच में 8 विकेट पर 311 रन पर आउट हुई इंगलैंड टीम को आर्चर ने जीत तक पहुंचाया। वनडे में 500 रन अभी तक नामुमकिन माना जा रहा था लेकिन पिछले कुछ समय से इंगलैंड के प्रदर्शन को देखते हुए यह कयास लगाये जा रहे हैं।

The post इंगलैंड भी करेगा पाक पर बाउंसरों की बरसात appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2Z2XJqE
via Latest News in Hindi

0 Comments