विराट कोहली के अंगूठे की चोट ज्यादा गंभीर नहीं
साउथम्पटन, 2 जून (भाषा)
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के अंगूठे पर नेट अभ्यास के दौरान चोट लग गयी लेकिन वह ‘ठीक’ हैं। भारतीय टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप में अपने अभियान की शुरूआत करेगी। टीम के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘बल्लेबाजी के दौरान उनका अंगूठा चोटिल हो गया लेकिन वह ठीक हैं। इसमें चिंता करने की कोई बात नहीं।’ शनिवार को अभ्यास के दौरान कोहली के दाहिने हाथ का अंगूठा चोटिल हो गया जिसके बाद फिजियोथेरेपिस्ट पैट्रिक फरहत ने भारतीय कप्तान का इलाज किया।
फरहत ने उनकी अंगूठे पर मैजिक स्प्रे (दवा) लगाने के बाद टेप चिपका दिया। बाद में कोहली को बर्फ से भरे गिलास में अंगूठा डाल कर मैदान से बाहर जाते देखा गया। भारत खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल है लेकिन टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेलने से पहले ही टीम चोट की समस्या से परेशान है। हरफनमौला विजय शंकर कोहनी में चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच नहीं खेल सके थे जबकि केदार जाधव आईपीएल के दौरान कंधे में लगी चोट से अब भी उबर रहे हैं।
The post विराट कोहली के अंगूठे की चोट ज्यादा गंभीर नहीं appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2wzkG8G
via Latest News in Hindi
0 Comments