बंगाल टाइगर ने किया अफ्रीकी शेरों का शिकार
लंदन के अोवल में विश्वकप मैच के दौरान दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध अर्धशतक जड़ने के बाद ईश्वर का धन्यवाद करते बांग्लादेश के बल्लेबाज़ मुश्फिकुर रहीम।
लंदन, 2 जून (भाषा)
बांग्लादेश ने शाकिबुल हसन (75) और मुश्फिकुर रहीम (78) के अर्धशतकों के बाद अच्छी गेंदबाजी की बदौलत आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के मैच में दक्षिण अफ्रीका को 21 से हराकर जीत से अपना अभियान शुरू किया और वनडे में सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी खड़ा किया। यह दक्षिण अफ्रीका की टूर्नामेंट में दूसरी हार है, उसे शुरूआती मैच में गुरूवार को मेजबान इंगलैंड से 104 रन की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी। बांग्लादेश ने शाकिबुल और मुश्फिकुर के बीच तीसरे विकेट के लिये 142 रन की भागीदारी से छह विकेट पर 330 रन बनाकर एक दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच के अलावा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भी अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। कप्तान मुशरफी मुर्तजा की टीम ने कैच लेने के कई मौके गंवाने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका के लगातार अंतराल पर विकेट हासिल किये और उसे 50 ओवर में आठ विकेट पर 309 रन ही बनाने दिये। दक्षिण अफ्रीका पर यह जीत बांग्लादेश के लिये 2007 विश्व कप की जीत से ज्यादा बड़ी होगी। वनडे में बांग्लादेश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ 2015 में 329 रन का था। उनका विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 2015 में ही स्काटलैंड के खिलाफ चार विकेट पर 322 रन था और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 2017 में 278 रन का था। शाकिबुल और मुश्फिकर की तीसरे विकेट के लिये 142 रन की भागीदारी विश्व कप में बांग्लादेश की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी भी है। इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज सौम्य सरकार ने 42 और अंत में महमूदुल्लाह ने नाबाद 46 रन का योगदान दिया। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेश ने मुस्तफिजुर रहमान और आफ स्पिनर मेहदी हसन मिराज से शुरूआत की। उन्हें पहली कामयाबी 10वें ओवर में क्विंटन डि कॉक (23) को रन आउट करके मिली जो ऐडन मार्कराम के साथ हुई गफलत में मुश्फिकुर रहीम द्वारा रन आउट हुए।
दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज़ मार्कराम बांग्लादेशी क्षेत्ररक्षक के थ्रो पर अाउट होने से बाल-बाल बचे। -एएफपी
मार्कराम (45 रन) और कप्तान फाफ डु प्लेसिस (62 रन) ने टीम को 19वें ओवर के अंत तक 100 रन तक पहुंचाया। लेकिन अगले ओवर में शाकिबुल की गेंद पर मार्कराम बोल्ड हो गये जो बांग्लादेश के इस गेंदबाज का 250वां विकेट भी था। फिर डेविड मिलर क्रीज पर उतरे जो इंगलैंड के खिलाफ शुरूआती मैच में नहीं खेल पाये थे। 25वें ओवर में डु प्लेसिस ने मोसादेक हुसैन की गेंद पर छक्के के लिये भेजकर अपने 50 रन पूरे किये। मेहदी हसन मिराज ने दूसरे स्पैल में कप्तान डुप्लेसिस (53 गेंद में पांच चौके और एक छक्का) को बोल्ड को दक्षिण अफ्रीका को करारा झटका दिया। मेहदी हसन की खूबसूरत गेंद सीधे डुप्लेसिस के स्टंप उखाड़ती हुई गयी जिसके बाद बांग्लादेशी टीम और प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गयी। इस तरह 27वें ओवर तक टीम का स्कोर तीन विकेट पर 147 रन हो गया। दक्षिण अफ्रीकी टीम पर दबाव बढ़ता जा रहा था जिससे मिलर (38 रन) और रासी वान डर दुसेन (41 रन) संभलकर खेल रहे थे। मुस्तफिजुर ने दक्षिण अफ्रीका को चौथा झटका मिलर को आउट कर दिया जिनका शानदार कैच मेहदी हसन ने लपका।
कई बार टीम को मुश्किल परिस्थितियों से निकालने वाले वान डर दुसेन डटे हुए थे और टीम उनसे उम्मीद लगाये थी लेकिन वह खराब शाट खेलने का शिकार हुए, उन्हें मोहम्मद सैफुद्दीन की गेंद ने बोल्ड किया। सैफद्दीन ने ही एंडिले फेलुकवायो का विकेट हासिल किया। फिर अंतिम 5 ओवर में टीम को जीत के लिये 63 रन चाहिए थे।
40 साल के ताहिर 100 वनडे खेलने वाले द.अफ्रीका के दूसरे स्पिनर
दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ आईसीसी क्रिकेट विश्व कप मुकाबले में मैदान में उतरते ही 100 एकदिवसीय खेलने वाले अपने देश के दूसरे स्पिनर बन गये। ताहिर से पहले सिर्फ निकी बोए ही ऐसे स्पिनर रहे हैं जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 100 से अधिक एकदिवसीय मैच खेले हैं। 40 साल के ताहिर मौजूदा विश्वकप में खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। लाहौर में जन्में ताहिर ने 1998 में अंडर-19 विश्व कप में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया था लेकिन इसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका में जा बसे। ताहिर ने मैच से पहले कहा, ‘यह शानदार अनुभूति है। मैंने अपना पहला एकदिवसीय 2011 विश्व कप में खेला था और जब पीछे मुड़ कर देखता हूं तो मेरी यात्रा शानदार रही है।’ एकदिवसीय में 31 के स्ट्राइक रेट से 164 विकेट चटकाने वाले ताहिर ने कहा, ‘हमेशा से यह मेरा सपना था लेकिन मैंने कभी यह नहीं सोचा था कि दक्षिण अफ्रीका के लिए 100वां मैच खेलूंगा। ताहिर सबसे कम मैचों में 100 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज हैं। उनके नाम एकदिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकार्ड है। उन्होंने 15 जून 2016 को वेस्टइंडीज के खिलाफ 45 रन देकर 7 विकेट लिये थे।
स्कोरबोर्ड
बांग्लादेश :
तमीम इकबाल का क्विंटन डिकॉक बो फेलुकवायो 16,
सौम्य सरकार का क्विंटन डिकॉक बो क्रिस मौरिस 42,
शाकिबुल हसन बो इमरान ताहिर 75,
मुश्फिकुर रहीम का रासी वान डर दुसेन बो एंडिले फेलुकवायो 78,
मोहम्मद मिथुन बो इमरान ताहिर 21,
महमूदुल्लाह नाबाद 46,
मोसादेक हुसैन का एंडिले फेलुकवायो बो क्रिस मौरिस 26,
मेहदी हसन नाबाद 5,
अतिरिक्त : 21 रन,
कुल : 50 ओवर में 6 विकेट पर : 330 रन,
विकेट पतन : 1-60, 2-75, 3-217, 4-242, 5-250, 6-316,
गेंदबाजी :
लुंगी एनगिडी 4-0-34-0,
रबाडा 10-0-57-0,
फेलुकवायो 10-1-52-2,
क्रिस मौरिस 10-0-73-2,
ऐडन मार्कराम 5-0-38-0,
इमरान ताहिर 10-0-57-2,
जेपी डुमिनी 1-0-10-0.
दक्षिण अफ्रीका :
क्विंटन डिकॉक रन आउट 23,
ऐडन मार्कराम बो शाकिबुल हसन 45,
फाफ डु प्लेसिस बो मेहदी हसन 62,
डेविड मिलर का मेहदी हसन बो मुस्तफिजुर रहमान 38,
रासी वान डर दुसेन बो मोहम्मद सैफुद्दीन 41,
जेपी डुमिनी बो मुस्तफिजुर रहमान 45,
फेलुकवायो का शाकिबुल हसन बो मोहम्मद सैफुद्दीन 8,
क्रिस मौरिस का सौम्य सरकार बो मुस्तफिजुर रहमान 10,
रबाडा नाबाद 13,
ताहिर नाबाद 10,
अतिरिक्त : 14 रन,
कुल : 50 ओवर में आठ विकेट पर : 309 रन,
विकेट पतन : 1-49, 2-102, 3-147, 4-202, 5-228, 6-252, 7-275, 8-287,
गेंदबाजी :
मुस्तफिजुर रहमान 10-0-67-3,
मेहदी हसन 10-0-44-1,
मोहम्मद सैफुद्दीन 8-1-57-2,
शाकिबुल हसन 10-0-50-1,
मशरफी मुर्तजा 6-0-49-0,
मोसादेक हुसैन 6-0-38-0.
The post बंगाल टाइगर ने किया अफ्रीकी शेरों का शिकार appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2wzky9c
via Latest News in Hindi
0 Comments