पंचकूला, 11 मई(ट्रिन्यू)
चुनाव से एक दिन पूर्व भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा अंबाला सीट से प्रत्याशी रतन लाल कटारिया के पक्ष में वोट स्लिप एवं प्रचार सामग्री बांटने पर हंगामा हो गया। इंदिरा कालोनी के कांग्रेस कार्यकर्ता डा. रामप्रसाद ने भाजपा की स्लिप बांटते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जिसके पास कई वोटर स्लिप थीं। परंतु मौके से कार्यकर्ता फरार हो गया। इसके बाद रामप्रसाद सेक्टर 9 स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां पर उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को पूरी जानकारी दी। यहां से चुनाव आयोग द्वारा बनाई गई फ्लाइग स्क्वायड टीम, पुलिस एवं यूटी मजिस्ट्रेट को फोन करके जानकारी दी। इसके बाद फ्लाइंग स्क्वायड टीम के एचएसवीपी के एएसडीई राजवीर सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता रामप्रसाद, ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की कोआर्डिनेटर रंजीता मेहता, डा. कादिर एवं अन्य कांग्रेस नेता तुरंत मौके पर पहुंचे। रामप्रसाद ने टीम को बताया कि उनके बेटी के नाम की पर्ची उनके घर पर लेकर भाजपा का कार्यकर्ता आया। उन्होंने देखा कि उस पर भाजपा प्रत्याशी की फोटो, अपील लगी हुई थी और नीचे वोटिंग स्लिप लगी हुई थी। यह देखकर बड़ी हैरानी हुई, क्योंकि चुनाव आयोग द्वारा वोटर स्लिप बांटने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
रामप्रसाद ने आरोप लगाया कि इन स्लिपों एवं पोस्टरों का खर्चा भी कटारिया के खर्च से नहीं जोड़ा गया है और पूरे लोकसभा क्षेत्र में पर्चें एवं स्लिप बांटी गईं। साथ ही वोटरों को लुभाने की कोशिश हो रही है। रंजीता मेहता ने पुलिस से कहा कि अतिरिक्त फोर्स यहां पर तैनात की जाए, क्योंकि रात को इंदिरा कालोनी सहित अन्य कालोनियों में शराब एवं पैसे बांटने की कोशिश की जाएगी। इस अवसर पर दलबीर वाल्मीकि, डा. कादिर, अंकुर गुलाटी, करण दीवाकर, गुलशन अरोड़ा, कृष्ण गोयल भी मौजूद थे।

The post भाजपा वर्कर्स ने बांटी वोटर स्लिप, हंगामा appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2VYkzSr
via Latest News in Hindi

0 Comments