भाजपा के समय शहर के बजट में हुई कटौती: बंसल
चंडीगढ़, 15 मई (ट्रिन्यू)
चंडीगढ़ के सेक्टर-22 स्िथत शास्त्री मार्केट में चुनाव प्रचार करते कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल। – दैनिक ट्रिब्यून
चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पवन कुमार बंसल ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर शहर की अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार द्वारा वर्ष 2014-15 में प्रस्तुत अंतिम बजट में चंडीगढ़ के लिए बजट अनुमान 813 करोड़ रुपये रखा था। एनडीए सरकार ने उस वर्ष इसमें 200 करोड़ की कटौती कर दी। वर्ष 2015-16 में भी 200 करोड़ रुपये का कट लगा दिया। वर्ष 2019-20 के कैपिटल बजट अनुमान में भी केवल 401 करोड़ रुपये रखे गये हैं। यही हाल नगर निगम का रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत केवल 90 करोड़ खर्च किये गये हैं जबकि 5 वर्ष में 1000 करोड़ ऱपये का प्रावधान निर्धारित है। बंसल दरिया गांव में आयोजित एक जनसभा में यहां के निवासियों को संबोधित कर रहे थे। बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चंडीगढ़ को कैरोसिन-मुक्त बनाने की बात की। तथ्य यह है कि गरीब परिवारों को मिट्टी के तेल और सार्वजनिक वितरण योजना के अंतर्गत राशन से ही वंचित कर दिया गया है। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत केवल 32 परिवारों को रसोई गैस के कनेक्शन दिये गये थे। इन्होंने भी गैस सिलेंडर की कीमत बहुत ऊंची होने के कारण रिफिल लेने बंद कर दिये हैं। उन्होंने कहा कि किरण खेर ने अपने चुनाव घोषणा-पत्र में किये गये 65 वादों में से एक भी पूरा नहीं किया है। व्यापारियों को दिये गये 23 आश्वासन कागज तक ही सीमित रहे हैं।
बंसल ने आरोप लगाया कि किरण खेर अपने हलके को ज्यादातर थियेटर और फिल्म स्टूडियो ही समझती रहीं और इससे उन्होंने कोई संपर्क नहीं रखा। इसी कारण सांसद के रूप में पांच साल के उनके कार्यकाल के दौरान चंडीगढ़ में जनसुविधाओं के स्तर व विकास में पूरी तरह गिरावट आई। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में शहर के गांवों की अनदेखी व उपेक्षा की तस्वीर पेश हुई है। उन्होंने कहा कि सफाई में चंडीगढ़ स्वच्छता में पहले नंबर पर था भाजपा के समय 20 नंबर पर है। हमारा शहर स्मार्ट सिटी में भी काफी पिछड़ गया है। बढ़ता हुआ ट्रैफिक भी भाजपा की अव्यवस्था को दर्शाता है। बंसल ने यहां सेक्टर 22 की शास्त्री मार्किट में दोपहर को व शाम को सेक्टर 29 स्थित ट्रिब्यून कॉलोनी में अपनी डोर टू डोर प्रचार पद यात्रा की।
व्यापार मंडल बंसल के पक्ष में प्रचार में जुटा
पंचकूला (ट्रिन्यू): अग्रवाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग गर्ग ने साथियों सहित आज चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। गर्ग ने बंसल को अग्रवाल समाज व व्यापार मंडल की तरफ से उन्हें समर्थन देते हुए कहा कि भाजपा राज में व्यापारी लूटा है और किसान पिटा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में नोटबंदी करके और जीएसटी के तहत टैक्सों में अनाप-शनाप बढ़ोतरी करके जनता की जेबों में डाका डालने का काम किया है। इस राज में लगातार बेरोजगारी बढ़ी है और देश व चंडीगढ़ में व्यापार व उद्योग पूरी तरह से पिछड़ा है। जिसके कारण आज आम जनता भाजपा सरकार से दुखी है। इस मौके पर डीके जैन, कृष्ण गोयल, अनिल गोयल, एडवोकेट विभव जैन, अंकुर गुलाटी, आदि मौजूद थे।
The post भाजपा के समय शहर के बजट में हुई कटौती: बंसल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून http://bit.ly/2VDqeOx
via Latest News in Hindi
0 Comments