लड़कियां एक बार फिर अव्वल
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (एजेंसी)
सीबीएसई की ओर से बुधवार को 10वीं कक्षा की परीक्षा के परिणामों में लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों की तुलना में 3.17 प्रतिशत अधिक रहा है। त्रिवेंद्रम का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा, जहां के छात्रों का पास प्रतिशत 99.28 रहा। कोरोना से उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए इस वर्ष बोर्ड ने मेरिट लिस्ट जारी नहीं करने का निर्णय लिया। साथ ही बोर्ड ने ‘फेल’ के स्थान पर ‘आवश्यक पुनरावृत्ति’ शब्द का उपयोग किया।
सीबीएसई के अनुसार इस वर्ष 10वीं कक्षा में कुल 91.46 प्रतिशत छात्र पास हुए, जबकि 2019 में 91.10 प्रतिशत छात्र पास हुए थे। इस साल लड़कियों का पास प्रतिशत 93.31 रहा, जबकि लड़कों का 90.14 रहा। परीक्षा में 41,804 छात्रों को 95 प्रतिशत से अधिक अंक मिले, जबकि 1,84,358 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रों का स्वास्थ्य एवं शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
सीबीएसई को 10वीं की परीक्षाएं कोरोना के तेजी से फैलने के कारण बीच में ही स्थगित करनी पड़ी थीं। अप्रत्याशित स्थितियों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के अनुरूप ही परिणामों की गणना के लिये सीबीएसई ने आकलन योजना तैयार की। इसके तहत ऐसे छात्र जिन्होंने सभी विषयों की परीक्षाएं दीं उनके परिणाम, परीक्षाओं में प्रदर्शन के आधार पर घोषित किए गए। दूसरी श्रेणी ऐसे छात्रों की है जिन्होंने 3 से अधिक विषयों की परीक्षाएं दीं। ऐसे में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 3 विषयों में प्राप्त अंकों के औसत के आधार पर उन विषयों में अंक दिये गए जिनकी परीक्षा नहीं हुई थी। तीसरी श्रेणी ऐसे छात्रों की है जिन्होंने केवल 3 विषयों में परीक्षा दी। ऐसे छात्रों को श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 2 विषयों में प्राप्त अंकों के औसत के आधार पर अंक दिये गए।
पंचकूला का पास प्रतिशत 94.31 : परिणामों में क्षेत्रवार त्रिवेंद्रम शीर्ष पर रहा। पंचकूला क्षेत्र का पास प्रतिशत 94.31 और चंडीगढ़ क्षेत्र का पास प्रतिशत 91.83 दर्ज किया गया। देहरादून क्षेत्र का पास प्रतिशत 89.72 और सम्पूर्ण दिल्ली क्षेत्र का पास प्रतिशत 85.86 रहा।
The post लड़कियां एक बार फिर अव्वल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2CiuV7P
via Latest News in Hindi

0 Comments