कर्मचारी संगठनों ने प्रदेशभर में किया प्रदर्शन
भिवानी, 3 जुलाई (हप्र)
भिवानी में शुक्रवार को प्रदर्शन करते केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारी। -हप्र
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व कर्मचारी संगठनों और फेडरेशनों के आह्वान पर कोरोना संकट में मजदूरों-कर्मचारियों व आमजन पर आर्थिक हमलों, जनतांत्रिक अधिकारों, श्रम कानूनों को खत्म करने, सार्वजनिक क्षेत्र को खत्म करने के खिलाफ प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री को जिला उपायुक्तों के माध्यम से ज्ञापन सौंपे।
भिवानी में इस प्रदर्शन में एटक, सीआईटीयू, एआईयूटीयूसी, इंटक, एचएमएस, सर्व कर्मचारी संघ, सर्व कर्मचारी महासंघ ने हिस्सा लिया। इससे पहले तमाम ट्रेड यूनियनों के सदस्य स्थानीय सुरेंद्र मेमोरियल पार्क में जनसभा की।
सीआईटीयू से धर्मबीर बामला, एआईयूटीयूसी से राजकुमार जांगड़ा, इंटक से हवासिंह बीरन, एचएमएस से कविता दहिया व सर्व कर्मचारी संघ से सुरजभान ने कहा कि केन्द्र व अधिकांश राज्य सरकारों ने इस महामारी को मजदूरों – कर्मचारियों व आमजन के अधिकारों पर हमले के अवसर के रूप में ही लिया है।
उन्हाेंने कहा कि प्रवासी मजदूरों, गरीब लोगों व जिन परिवारों का रोजगार खत्म हो गया है उन्हें न के बराबर मदद मिली है। उद्योगों में वेतन न देना, वेतन कटौती, नौकरी छीनना बड़े पैमाने पर जारी है और सरकारी मशीनरी मौन है।
एटक से फूलसिंह इंदौर, सीआईटीयू से ओमप्रकाश, एआईयूटीयूसी से राजकुमार बासिया, इंटक से रामोतार खोरड़ा, एटक से ईश्वर शर्मा, एचएमएस से रतन लाल लोहिया और सर्व कर्मचारी महासंघ से सूरजमल ने संबोधित किया।
मजदूरों, कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
जुलाना/जींद (हप्र) : कस्बे की पुरानी अनाज मंडी में मजूदरों और कर्मचारियों ने मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष प्रकट किया। रोष प्रदर्शन में सीटू, आशा वर्कर, सर्वकर्मचारी संघ, ग्रामीण सफाईकर्मी,रिटायर्ड कर्मचारी संघ आदि संगठनों ने भाग लिया। मजदूरों को संबोधित करते हुए सवकर्मचारी संघ के जिला प्रधान रामफल दलाल ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। लॉकडाउन के कारण मजदूरों पर आर्थिक संकट छा गया है। इसके बावजूद भी सरकार कर्मचारियों और मजूदरों के हितों की रक्षा करने की बजाए निजीकरण
पर जोर दे रही है।
प्रदर्शनकारियों व पुलिस में टकराव होते-होते बचा
फरीदाबाद (हप्र) : अखिल भारतीय विरोध दिवस पर शुक्रवार को कर्मचारियों व मजदूरों ने केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनविरोधी, कर्मचारी व मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा रोकने के प्रयासों के चलते सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व अन्य वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेताओं की सूझबूझ से यहां प्रदर्शनकारियों व पुलिस में टकराव होते-होते बचा। प्रदर्शनकारी श्रम कानूनों को खत्म करने, बिजली, रोडवेज, रेलवे, कोयला खदानों आदि सरकारी विभागों एवं उपक्रमों का निजीकरण करने व कच्चे कर्मचारियों को पक्का न करने से भारी गुस्से में दिखाई दिए। डीसी ऑफिस पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि अगर केन्द्र एवं राज्य सरकार ने मजदूरों व कर्मचारियों के मुद्दों का समाधान नहीं किया तो शीघ्र ही राष्ट्रीय हड़ताल का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रधान अशोक कुमार, सीआईटीयू के प्रधान निरंतर पराशर व उप प्रधान वीरेंद्र डंगवाल, एटक के महासचिव बेचु गिरी, बिशंबर सिंह, एचएमएस के प्रधान राजपाल डांगी, इंटक के प्रधान बिरेंद्र चौधरी व इफ्टू के प्रधान जवाहर सिंह और आशा वर्कर यूनियन की सचिव सुधा आदि के नेतृत्व में डीसी आफिस के लिए मार्च किया गया। पुलिस ने राजस्थान भवन के सामने अवरोधक लगा कर कर्मचारियों को रोकने का असफल प्रयास किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी धक्का-मुक्की व खींचतान हुई, जिसमें सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बेनर भी फट गये।
सरकार की जनविरोधी नीतियों के किया रोष प्रदर्शन
सिरसा (निस) : सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हरियाणा स्टेट मेडिकल एंड सेल्ज रेप्रजेंजटिव यूनियन ने शुक्रवार को विरोध दिवस के रूप में हल्ला-बोल प्रदर्शन किया। हरियाणा स्टेट मेडिकल एंड सेल्ज रिप्रजेंजटिव यूनियन के महासचिव कुलवंत राय ने बताया कि आज देशभर में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों व मजदूर संगठन सीटू के आह्वान पर देश के सभी श्रमिकों, मज़दूरों व कर्मचारियों ने विरोध दिवस आयोजित कर सरकार के प्रति रोष प्रकट किया।
डोर टू डोर होगी स्क्रीनिंग
जींद (हप्र) : सर्व कर्मचारी संघ और हरियाणा कर्मचारी महासंघ के बैनर तले शुक्रवार को कर्मचारियों ने विरोध दिवस मनाया। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा सरकार विरोधी नारेबाजी भी की गई। कर्मचारी महासंघ के जिला प्रधान कृष्ण नैन ने कहा कि सरकार निजीकरण पर आमादा है।रिटायर कर्मचारी संघ के जिला प्रधान आजाद पंचाल ने कहा कि आज सरकार की नीतियों से हर वर्ग दुखी है।
चारों ब्लॉक व सभी विभागों में हल्ला बोल विरोध
पलवल(हप्र) : केन्द्रीय ट्रेड यूनियनों व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर आज जिला के चारों ब्लॉक व सभी विभागों में हल्ला बोल विरोध प्रदर्शन किया गया। जनसेवओं के निजीकरण व 1983 पी टी आई सहित अन्य कर्मचारियों की छंटनी के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व जिला प्रधान राजेश शर्मा व सचिव योगेश शर्मा, पलवल ब्लाॅक में प्रधान राजकुमार डागर, सचिव हरकेश सौरोत, होडल में प्रधान उदय वीर सौरोत, सचिव देवन्द्र हसनपुर के प्रधान अनिल कुमार, हथीन में हरीश शर्मा, बिजेंद्र सिंह,बेदपाल ने किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम मांगों का ज्ञापन उपायुक्त पलवल को सौंपा गया।
यूनियन कार्यालय के बाहर धरना दिया
झज्जर (हप्र) : केंद्र की ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर निजीकरण के विरोध में झज्जर व बहादुरगढ़ दोनों शहरों में भी कर्मचारी सड़कों पर उतरे। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। झज्जर में सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने पहले यहां के यूनियन कार्यालय के बाहर धरना दिया और बाद में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला प्रशासन को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कर्मचारी सरकारी विभागों के निजीकरण का विरोध कर रहे थे।
ट्रेड यूनियनों के आहवान पर कर्मचारियों का प्रदर्शन
सोनीपत (हप्र) : विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन के आह्वान पर उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी संघ मजदूर अपने हाथों में अपने संगठनों के बैनर लिए हुए थे। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राममेहर शर्मा, सीलकराम मलिक, सीटू के जिला प्रधान आनंद शर्मा, प्रदेश सचिव हरि प्रकाश व कई अन्य संगठनों के नेता इस अवसर पर मौजूद थे।
तैनात कर्मचारियों के साथ वेतन देने का मामले
रोहतक (हप्र) : राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर सार्वजनिक विभागों के निजीकरण करने व कर्मचारियों की छंटनी के खिलाफ विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने आज धरने-प्रदर्शन किए। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से सम्बंधित हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ ने फील्ड में तैनात कर्मचारियों के साथ वेतन देने मामले में भेदभाव का आरोप लगाते हुए रोहतक स्थित मैना व तिलयार के कर्मचारियों ने राज्य उपाध्यक्ष जोगेंद्र दलाल व सचिव रणबीर भोरिया के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। आल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा सीटी यूनिट ने अखिल भारतीय बिजली कर्मचारी संघ के आह्वान पर राजीव गांधी परिसर में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनिट प्रधान विकास दहिया ने की।
चरखी दादरी (निस) : ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने कर्मचारियों की छटनी, बकाया वेतन, हटाए पीटीआई की बहाली सहित कई मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए जिला लघु सचिवालय पहुंचकर डीआरओ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
रेवाड़ी (निस) : हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच के तत्वावधान में केंद्र एवं प्रांत की सरकारों की श्रमिक-कर्मचारी विरोधी नीतियों के विरोध में नगर के नेहरू पार्क से सचिवालय तक जोरदार प्रदर्शन किया गया, जिसमें सैकड़ों कर्मचारियों, मजदूरों, आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इनमें आशा कार्यकर्ता यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष राजबाला, जिला सचिव संतोष यादव, सुनीता, हरियाणा रोडवेज के राज्य प्रवक्ता उधम सिंह, महेश तिवारी, रवि कुमार, अनूप सहरावत, महेंद्र सिंह राठी, अमृत लाल प्रधान आदि शामिल थे। इनका नेतृत्व एआईयूटीयूसी के का. राजेंद्र सिंह एडवोकेट, रामकुमार, बलराम प्रधान, अजय कुमार, मनोज कुमार, राजसिंह, धनराज, देवेन्द्र कुमार आदि ने किया।
The post कर्मचारी संगठनों ने प्रदेशभर में किया प्रदर्शन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3dZqeMW
via Latest News in Hindi
0 Comments