राजस्व बढ़ाने को कमेटी की पहली बैठक में बवाल
3 बार जारी की गयी विज्ञप्ति
चंडीगढ़, 7 जुलाई (ट्रिन्यू)
नगर निगम की राजस्व के स्रोतों को बढ़ाने के लिए गठित कमेटी की पहली ही बैठक में भाजपा पार्षदों में दरारें दिखाई दीं। मंगलवार को बैठक शुरू होते ही कमेटी के चेयरमैन पद को लेकर स्पर्धा शुरू हो गई। बीच वाली कुर्सी पर पार्षद अरुण सूद बैठे व उन्हें ही चेयरमैन मान लिया गया। कांग्रेस पार्षद सतीश कैंथ ने इस पर आपत्ति दर्ज कर दी व पूर्व महापौर राजेश कालिया को भी यह मंजूर नहीं था। निगम द्वारा इस बैठक के लिए पहले विज्ञप्ति जारी की गई व बाद में दो बार संशोधित विज्ञप्ति जारी की गई। पहली विज्ञप्ति में राजेश कालिया का नाम नहीं छपा। उनके विरोध के बाद दोबारा प्रेस नोट जारी किया गया, जिसमें पार्षद सूद के नाम के आगे से चेयरमैन हटा दिया गया पर कालिया का नाम फिर शामिल नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने फिर विरोध दर्ज किया तो तीसरे प्रेस नोट में कालिया का नाम शामिल किया गया।
भाजपा की राजनीति में मोदगिल व कालिया का पार्टी अध्यक्ष अरुण सूद से छत्तीस का आंकड़ा है। मोदगिल तो इस बैठक में उपस्थित ही नहीं हुए। बैठक के दौरान निगम की आय को बढ़ाने के लिए वित्तीय स्थिति और स्रोतों पर चर्चा की गई। कमेटी की अगली बैठक 17 जुलाई को होगी। बैठक में अरुण सूद ,अनिल कुमार दुबे, महेश इंदर सिंह सिद्धू, सतीश कुमार कैंथ, अजय दत्ता और अनिल कुमार गर्ग आदि उपस्थित थे।
The post राजस्व बढ़ाने को कमेटी की पहली बैठक में बवाल appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2DfdftT
via Latest News in Hindi
0 Comments