छेड़छाड़ करने पर नर्सों ने की डाक्टर की धुनाई
पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में मंगलवार को एक नर्स से छेड़छाड़ के आरोपी डाक्टर को ले जाती पुलिस। -रवि कुमार
ट्रिब्यून न्यूज सर्विस
पंचकूला, 14 जुलाई
एक नर्स के साथ छेड़छाड़ से गुस्साई अन्य नर्सों ने मंगलवार बाद दोपहर यहां सेक्टर 6 के नागरिक अस्पताल में आरोपी डाक्टर की धुनाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर डाक्टर को नर्सों व अन्य अस्पताल कर्मियों से बचाया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों के साथ भी नर्सों की कहासुनी हुई। एक पुलिस कर्मचारी के साथ तो हाथापाई तक की नौबत आ गई।
उल्लेखनीय है कि कोरोना के मरीजों के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने राउंड पर आए मनोरोग डॉक्टर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। बताया गया कि शनिवार रात छेड़छाड़ के समय वार्ड में कोई भी मरीज नहीं था। इसके अलावा स्टाफ नर्स ने डॉक्टर पर शराब के नशे में धुत होने का भी आरोप लगाया है। जब स्टाफ नर्स ने इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को दी तो मौके पर पीएमओ और आरएमओ पहुंचे जिनके सामने ही डॉक्टर आइसोलेशन वार्ड से फरार हो गया। अधिकारियों की ओर से डॉक्टर को रोका भी गया, लेकिन डॉक्टर ने टिफिन को कार में रखने का बहाना लगाया और वहां से भाग गया। अब स्टाफ नर्स ने डॉक्टर के खिलाफ पीएमओ को भी लिखित शिकायत दी, जिसके बाद डॉक्टरों की जांच कमेटी बनाई गई है।
स्टाफ नर्स ने पुलिस को भी शिकायत दी है। मंगलवार को अस्पताल की ओर डा़ संगीता के नेतृत्व में गठित कमेटी ने मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंप दी है। दोपहर बाद आरोपी डाक्टर अस्पताल परिसर में पांचवीं मंजिल के एक कमरे में मौजूद था। अस्पताल की नर्सें व अन्य कुछ कर्मचारी भी वहां पहुंचे गये और डाक्टर की धुनाई कर। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस बमुश्किल से डाक्टर को छुड़ाकर लाई और जीप में बैठाकर ले गई। इसी दौरान पुलिस कर्मचारियों के साथ भी नर्सों की कहासुनी हुई। इंस्पेक्टर ललित ने नर्सोँ से कहा है कि डाक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन बाद में जब डाक्टर की गिरफ्तारी बारे इंस्पेक्टर से पूछा गया तो बोले-महिला थाना की एसएचओ से पूछें। जब महिला थाना की एसएचओ से पूछा तो बोलीं-मैं मधुबन हूं। कुछ नहीं बता सकती। डाक्टर की गिरफ्तारी बारे कोई भी सूचना देने को तैयार नहीं है।
पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल में मंगलवार को पुलिस कर्मचारियों से उलझती नर्सें। – ट्रिन्यू
क्या कहना है सीएमओ का
सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि स्टाफ नर्स ने उत्पीड़न संबंधी शिकायत पीएमओ को दी है। जांच के लिये कमेटी गठित की गई जिसने आज रिपोर्ट सौंप दी है। क्या आरोपी डाक्टर के खिलाफ केस दर्ज हुआ है, इस प्रश्न पर सीएमओ ने कहा कि स्टाफ नर्स ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज मांगे हैं। डाक्टर की पिटाई संबंधी प्रश्न पर कहा कि किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेना चाहिये।फोटो कैप्शन-पंचकूला में मंगलवार को छेड़छाड़ के आरोपी डाक्टर को ले जाती पुलिस।पंचकूला में मंगलवार को उलझती नर्स और पुलिस कर्मचारी।
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
यहां सेक्टर 6 के नागरिक अस्पताल में एक स्टाफ नर्स के साथ छेड़छाड़ का मामले का हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आज अस्पताल की पीएमओ और सीएमओ को तलब कर आयोग ने उनके बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस बात की पुष्टि आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने की। बहुत संभव है कल डाक्टर के खिलाफ कुछ स्टाफ नर्स अपना पक्ष आयोग के समक्ष रखें।
The post छेड़छाड़ करने पर नर्सों ने की डाक्टर की धुनाई appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2CfctwO
via Latest News in Hindi
0 Comments