सुशांत की मौत की हो सीबीआई जांच
रिया चक्रवर्ती का गृह मंत्री से अनुरोध
मुंबई, 16 जुलाई (एजेंसी)
अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने बृहस्पतिवार को गृह मंत्री अमित शाह से अभिनेता सुशांत राजपूत की मौत के मामले की सीबीआई जांच का आदेश देने का अनुरोध किया। सुशांत की तस्वीर के साथ रिया ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘माननीय अमित शाह महोदय, मैं सुशात सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती हूं। उनकी आकस्मिक मौत को एक महीने से अधिक समय गुजर चुका है। सरकार में मेरा पूरा भरोसा है, …बहरहाल, न्याय के हित में, मैं हाथ जोड़कर आपसे अनुरोध करती हूं कि इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश दें। मैं केवल यह समझना चाहती हूं कि किन दबावों ने सुशांत को यह कदम उठाने पर मजबूर किया। आपकी आभारी, रिया चक्रवर्ती। सत्यमेव जयते।’
सुशांत गत 14 जून को बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला कि उनका अवसाद का इलाज चल रहा था। जांच के सिलसिले में रिया चक्रवर्ती को 18 जून को बांद्रा पुलिस थाने में बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था।
बलात्कार, हत्या की धमकियां : रिया ने साइबर अपराध शाखा से भी निवेदन किया कि सुशांत की मौत के बाद से ही उन्हें मिल रही बलात्कार और हत्या की धमकियों की जांच करें, क्योंकि सोशल मीडिया पर लोग सुशांत की आत्महत्या के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। रिया अपने इन्स्टाग्राम पेज से ‘कमेंट्स सेक्शन’ हटा चुकी हैं। जिन सोशल मीडिया खातों से उन्हें धमकी मिल रही है, उनमें से एक को टैग करते हुए रिया ने लिखा, ‘मुझे हत्यारा कहा गया, मैं चुप रही। मुझे शर्मिंदा किया गया, मैं चुप रही। लेकिन मेरी चुप्पी ने आपको यह कहने का अधिकार कैसे दे दिया कि अगर मैं आत्महत्या नहीं करती हूं तो आप मेरा बलात्कार और हत्या कर देंगे।’
The post सुशांत की मौत की हो सीबीआई जांच appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2B6G7E9
via Latest News in Hindi
0 Comments