आलोक पुराणिक

गजब नक्कालों की दुनिया है, नक्काली की भी नक्काली हो रही है। अभी एक महंगी ब्रांडेड घड़ी का नकली वर्जन दिखा, बीस हजार का, इस ब्रांड की असली घड़ी 2 लाख रुपये की थी। फिर उस महंगी घड़ी के नकली वर्जन का भी नकली वर्जन दिखा पांच हजार रुपये में। चाइनीज का भी चाइनीज हो रहा है।
इतनी स्पीड से नक्काली कर रहे हैं लोग कि लगता है कि सबसे तेज फोन के सबसे तेज प्रोसेसर वाले दिमाग से नक्काली चल रही है। एक खबर यह आयी कि एक गुंडे ने खुद को गैंगस्टर विकास दुबे का बंदा बताते हुए एक व्यापारी से रकम की मांग की। विकास दुबे मरने से पहले ब्रांड बन चुके थे अपराध की दुनिया के, तब ही उनकी नक्काली हो रही थी। दाऊद इब्राहिम के नाम से रकम मांगने वाले बहुत हैं। विकास दुबे बतौर ब्रांड अपराध फील्ड के बड़े ब्रांड हो गया था। ऐसे ही कोई इतना बड़ा ब्रांड न हो जाता, पुलिस का गहन सहयोग जरूरी था। कुछ पुलिस वालों और विकास दुबे ने मिलकर बहुत बड़ा खेल खड़ा कर लिया, सबका साथ-सबका विकास-नारे का एक मतलब विकास दुबे और कुछ पुलिस वालों ने अपनी तरह से लगा लिया।
दाऊद इब्राहिम को भी नहीं पता कि कितने गुंडे उसके नाम पर खा-कमा रहे हैं। चीन नक्काली का बादशाह है। चीनी कंपनियां नक्काली की उस्ताद हैं। अमेरिका में कोई चीज बनती है, उसकी नकल चीन वाले ना सिर्फ करते हैं, बल्कि बेहतर तरीके से कर जाते हैं। असली पीछे छूट जाता है। नकली इतना चल निकलता है, फिर लोग समझते हैं कि यही असली है। असली वाला हाय-हाय करता रह जाता है। चीन की एक कंपनी के फोनों को चीन के एप्पल फोन कहा जाता है। चीन के एप्पल हैं, चीन के गणेश हैं, चीन दुनिया भर से नकल करके माल बनाता है और बेचता जाता है। पब्लिक खरीदती है कि क्योंकि सस्ते हैं। सस्ता बिकता जाता है, असली रोता जाता है। असली रोते ही हैं सब जगह। अभी एक वरिष्ठ कवि मिले, बता रहे थे कि उनके चेले घटिया अश्लील कविताएं मंच से पढ़ते हैं, बहुत सस्ते रेट में जाने में तैयार हो जाते हैं मंचों पर, तो उनका मार्केट चल निकला है। कविता में भी चाइनाबाजी छा गयी है। चाइना सब तरफ है, लद्दाख से लेकर कविता मंच तक में घुसपैठ मचा डाली है चाइना ने।
गुंडे भी चाइनाबाजी कर रहे हैं, हालांकि, चाइना बतौर मुल्क गुंडेबाजी करता है। चाइना का हर पड़ोसी पाकिस्तान को छोड़कर चाइना से त्रस्त है। पाकिस्तान चीन का भिखारी है। भिखारी कभी त्रस्त होना अफोर्ड नहीं कर सकता। चीन कुछ टुकड़े फेंकता है तो पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था चलती है।
गुंडे चाइना माडल फालो करते हैं और चाइना गुंडा मा डल फालो करता है।

The post नकली चले, असली रोये appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2C7JZoP
via Latest News in Hindi

0 Comments