भिवानी, 3 जुलाई (हप्र)

भिवानी में शुक्रवार को अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हरियाणा शारीरिक शिक्षक। -हप्र

सरकार द्वारा वर्ष 2010 में लगाए गए 1983 शारीरिक शिक्षकों ने घर का रास्ता दिखाए जाने के विरोध में आज स्थानीय लघु सचिवालय से पार्क तक अर्धननग्न होकर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। शारीरिक शिक्षकों का नेतृत्व हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के जिला प्रधान दिलबाग जांगड़ा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा शारीरिक शिक्षकों को अनशन पर बैठे आज 19 दिन हो गया है, लेकिन सरकार की ओर से कोई भी अधिकारी उनकी सुध लेने के लिए नहीं आया है।
इस अवसर पर मास्टर शेर सिंह वरिष्ठ उप प्रधान किसान सभा हरियाणा, सरपंच तोशाम देवराज गोयल, कमलेश नाफरिया ब्लॉक समिति मैम्बर चांग, कृष्ण कुमार दहिया, जयबीर नाफरिया मौलिक मुख्याध्यापक, सज्जन सांगा हरियाणा राजकीय अध्यापक महासंघ, भूपेंद्र चाहर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ, विनोद परमार हरियाणा राजकीय अध्यापक महासंघ आदि कर्मचारी उपस्थित थे।

अर्जुन और भीम अवार्डी गुरु पहुंचे धरना स्थल पर
रोहतक (हप्र) : अपदस्थ पीटीआई के धरना स्थल पर अपने शरीरिक शिक्षक शिष्यों के धरने को समर्थन देने के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग, खेल विभाग, हरियाणा के विश्वविद्यालयों व खेल जगत की नामी हस्तियां पहुंचीं। इनमें मदवि के पूर्व खेल निदेशक कपूर सिंह, मदवि रोहतक के शारीरिक शिक्षा विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. शमशेर सिंह, सीडीएलयू सिरसा प्रो. मोहकम सिंह, केयू के प्रोफेसर संतोष शर्मा, मदवि के प्रो. केवल कृष्ण, बॉक्सिंग कोच डा. प्रवींद्र राणा, वालीबॉल भीम अवार्डी डा. जगमति सांगवान, अर्जुन अवार्डी डा. दलेल सिंह, अर्जुन अवार्डी डा. अमीर सिंह, अर्जुन अवार्डी कबड्डी डा. असन सिंह व पूर्व हाकी खिलाड़ी डा. सोमबीर राठी ने अपना समर्थन पत्र सौंपा। साथ ही उन्होंने हरियाणा सरकार से अपील की कि पद से हटाए गये मेहनती पीटीआई के 10 साल से शिक्षा विभाग मे दी गई उत्कृष्ट सेवाओं, इनकी उम्र, इनके परिवार व मानवीय आधार पर कोई न्यायसंगत कानून बनाकर इस मुश्किल समय मे इनकी नौकरी को बहाल करे।

गुलिया खाप  ने दिया समर्थन
झज्जर (हप्र) : जिला स्तर पर चल रहे पीटीआई के धरने प्रदर्शन को बादली की गुलिया खाप का भी समर्थन मिला है। खाप के प्रधान विनोद गुलिया बादली ने पीटीआई के धरने प्रदर्शन पर पहुंचकर हरियाणा सरकार ने उन्हें बहाल किए जाने की मांग की है। विनोद प्रधान ने बताया कि पीटीआई को नौकरी से निकाले जाने से उनके सामने आर्थिक तंगी बन गई है। दस साल तक नौकरी करने के बाद उन्हें निकालना किसी भी सूरत में उचित नहीं है। इस अवसर पर गुलिया खाप की ओर से सतगामा प्रधान नफे सिंह, करतारे, कपूर कुकड़ौला, ईश्वर मौजूद रहे।

The post शारीरिक शिक्षकों ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/31HHkfX
via Latest News in Hindi

0 Comments