अजय कुमार झा

आज बागवानी से सम्बंधित कुछ बेहद साधारण मगर महत्वपूर्ण बातें करेंगे। पहले तो यह कह दूं कि पौधों को पालिये। अगर आप बागवानी शुरू करने करने की सोच रहे हैं तो बरसात का मौसम मुफीद है। बागवानी शुरू करने से पहले अपने आप से ये जरूर पूछें कि आप बागवानी करना क्यूं चाहते हैं। शौक के लिए, आपको फूल पसंद हैं, किसी को देखकर, प्रेरित होकर, आपको लगता है कि आपको भी बागवानी करनी चाहिए| ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूं कि यदि इन सारे प्रश्नों में से किसी का भी जवाब आपका दिल ये कह कर देता है कि आपको सच में ही फूलों, पौधों-पत्तियों से स्नेह-मुहब्बत है तो ही आप बागवानी शुरू करिए। माली की सहायता लीजिए। शुरू में आप लगे लगाए पौधे भी ले सकते हैं, बीच-बीच में खाद, पानी, निराई, गुड़ाई के टिप्स भी बेशक और बेझिझक ले सकते हैं मगर भूल कर भी सिर्फ और सिर्फ मालियों के भरोसे ही बागवानी करने-कराने की गलती न करें। बागवानी शुरू करने से पहले सोचिए कि आपके पास जो भी, जितनी भी जगह उपलब्ध है, उसमें आप कैसी बागवानी कर सकते हैं। आउटडोर, इनडोर, फूलों की, फलों की, सब्जियों की आदि-आदि। ये सब तय करने के बाद आप एकाग्र होकर उसी की बागवानी करें जो आपके मन-स्थान के अनुकूल हो।
सब पौधों को बीजों से उगाने-लगाने का हुनर, नीम्बू, आम, संतरे, अनार, चीकू आदि जैसे पौधों और कलम से लगाने वाले पौधों को लगाने की कला में पारंगत न होने के कारण ये पौधे मालियों से ही खरीद लें और फिर उन्हें ही देखरेख करके बड़ा करें| मालियों से पौधे लेते समय ध्यान रहे कि आपको कच्चे पौधे लेने हैं और उन पौधों को लेते और लगाते हुए उनकी जड़ें बिल्कुल न हिल पायें अन्यथा पौधे कुछ ही दिनों में दम तोड़ देंगे| पौधों को लगाने के लिए सबसे उपयुक्त समय जुलाई-अगस्त का होता है। बारिश के इन महीनों में लगाए पौधे बड़ी ही सुलभता से लग और बच जाते हैं। आइये एक-दूसरे के अनुभव से, एक-दूसरे से सीखें और सिखाएं। आइये प्रकृति को अपनाएं|
साभार : झोल्टांमा-बिहारीबाबू कहिन डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम

The post पौधों को पालिये appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3enzo6i
via Latest News in Hindi

0 Comments