369 सीएनजी स्टेशन, 144 अकेले अडानी के
दिनेश भारद्वाज/ट्रिन्यू
चंडीगढ़, 15 जुलाई
सड़कों पर लगातार बढ़ रहे सीएनजी वाहनों को देखते हुए अब सीएनजी स्टेशन भी राज्य में बढ़ेंगे। प्रदेश सरकार ने सरकारी सेक्टर के अलावा प्राइवेट कंपनियों के साथ हरियाणा के अलग-अलग शहरों में सीएनजी स्टेशन के लिए एग्रीमेंट किया है। पहले चरण में राज्य में 369 सीएनजी स्टेशन लगेंगे। इनमें से 95 पर काम पूरा भी हो चुका है और इन पर सर्विस शुरू हो गई है, बाकी पर काम के लिए दबाव बनाया गया है। बड़ी बात यह है कि राज्य में स्थापित होने वाले 369 स्टेशनों में से करीब 40 प्रतिशत यानी 144 सीएनजी स्टेशन अकेले अडानी गैस के हैं। अडानी को सरकार ने 6 जिलों- फरीदाबाद, नूंह, पलवल, महेंद्रगढ़, भिवानी व चरखी दादरी का जिम्मा सौंपा है। अडानी गैस ने इनमें से महज 19 स्टेशन ही अभी तक स्थापित किए हैं। इसमें भी सर्वाधिक 17 फरीदाबाद में तथा मेवात, पलवल को एक कलस्टर बनाकर दो पंप यहां लगाए हैं।
अडानी गैस के साथ फरीदाबाद में 24, नूंह में 15, पलवल में 45, महेंद्रगढ़ में 20, भिवानी में 30 और चरखी दादरी में 10 सीएनजी स्टेशन के लिए एग्रीमेंट किया गया है। सिरसा व फतेहाबाद जिले का जिम्मा गुजरात गैस लिमिटेड को दिया गया है। यह कंपनी इन दोनों जिलों में 15-15 स्टेशन लगाएगी। अभी तक एक भी शुरू नहीं हो सका है। बीपीसीएल को यमुनानगर व रोहतक जिला में 10-10 स्टेशन स्थापित करने हैं। यमुनानगर में तो 4 स्टेशन शुरू हो चुके हैं लेकिन रोहतक में अभी तक एक भी नहीं।
सोनीपत में गेल 14 स्टेशन लगा चुका है और 10 और स्टेशन अब स्थापित होंगे। एचसीजी के साथ गुरुग्राम में 20 और झज्जर में 10 स्टेशन के लिए एग्रीमेंट हुआ है। हिसार में भी 10 सीएनजी स्टेशन लगेंगे। एचपीसीएल ने सोनीपत व जींद कलस्टर में 38 पंप लगाने हैं। ये गेल के सीएनजी स्टेशन से अलग होंगे। एचपीसीएल और ऑयल इंडिया द्वारा अंबाला व कुरुक्षेत्र में 20 सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। रेवाड़ी में 8, करनाल में 11, कैथल में 8, पानीपत में 20 और पंचकूला में 20 सीएनजी स्टेशन के लिए अलग-अलग कंपनियों के साथ एग्रीमेंट हुआ है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने राज्य में मौजूदा डीजल-पेट्रोल पंपों पर भी सीएनजी स्टेशन की मंजूरी देनी शुरू कर दी है। इसका फायदा यह होगा कि प्रदेश में स्पीड के साथ सीएनजी स्टेशनों की संख्या बढ़ सकेगी।
बढ़ रहा सीएनजी वाहनों का उत्पादन
पेट्रोल के साथ सीएनजी से चलने वाले वाहनों का उत्पादन बढ़ रहा है। सीएनजी सस्ती भी पड़ती है और इससे प्रदूषण भी नहीं फैलता। ऐसे में केंद्र सरकार भी इसी कोशिश में जुटी है कि डीजल और पेट्रोल के वाहनों को सीएनजी व इलेक्िट्रकल पर लाया जाए। सीएनजी से वाहनों की इंजन क्षमता भी बढ़ती है और इससे इंजन भी साफ रहता है।
“प्रदेश सरकार राज्य में सीएनजी स्टेशन की संख्या में बढ़ोतरी करेगी। अलग-अलग कंपनियों के साथ 369 सीएनजी स्टेशन स्थापित करने के लिए विभाग ने एग्रीमेंट किया है। नियमित रूप से प्रोग्रेस की मॉनिटरिंग हो रही है। इसके लिए बाकायदा अलग से नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द ये स्टेशन शुरू करवाए जाएं।
पीके दास, एसीएस, फूड एंड सप्लाई विभाग
The post 369 सीएनजी स्टेशन, 144 अकेले अडानी के appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2WmqorQ
via Latest News in Hindi
0 Comments