पार पा ही लेंगे
रेखा श्रीवास्तव
कोरोना ने ऐसे पैर पसारे कि हर तरफ त्राहि-त्राहि मच रही है। लंबे लॉकडाउन ने कई लोगों को दुखी किया और अंतत: उन्हें घर जाने की सूझी। मरना ही है तो अपने घर पहुंच कर अपनों के बीच मरेंगे। अब कई तरह के सवाल उनके सामने हैं। फिर भी मन में विश्वास है कि समस्याओं से पार पा ही लेंगे। यह उनकी जिजीविषा ही थी जो उनको बिना साधनों के सैकड़ों मील के दूरी पैदल नापने के लिए तैयार हो गए। चल दिए सब कुछ समेटकर। गर्भवती पत्नी, दुधमुंहे बच्चे, वृद्ध माता-पिता को लेकर। इन्हें अपने घर पहुंच कर भी ढेरों समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। इधर ये घर के सपने बुनते हुए जा रहे हैं और उधर, अफरा-तफरी मची कि ये लोग जितना लम्बा रास्ता तय करके आ रहे हैं। कहीं कोरोना किसी के साथ न आ जाये? पता नहीं कितने लोग साथ आ रहे होंगे? क्या सब लोग उतनी आत्मीयता से मिल पायेंगे? घर पहुंच कर सब बाहर ही मिले और उसको कह दिया गया कि वह ऊपर बनवाए हुए कमरे में अपने सामान सहित चले जाएं। देखो अभी-अभी तुम बाहर से आ रहे हो, पता नहीं कितने लोगों के साथ में सफर करके आ रहे हो तो अभी फिलहाल कुछ दिनों तक तो तुमको हम सबसे दूर रहना ही चाहिए। फिर तुम्हें कौन-सा यहां हमेशा रहना है। बीमारी ख़त्म हो जायेगी तो वापस चले ही जाना है।
कितने कष्टों से जूझते हुए वह लोग घर आये थे और घर में आकर यह नया क्वारंटाइन भी झेलना पड़ेगा इसकी तो कल्पना भी नहीं की थी। यह वही घर और माता-पिता और भाई, बहन हैं, जो इससे पहले घर आने पर आगे-पीछे घूमते रहते थे। अब जो घर लौटे हैं तो वापस जाने के लिए नहीं। शहर की चकाचौंध गांव वालों को समझ आती है। वहां की हाड़ तोड़ मेहनत किसे दिखेगी? अब गांव में स्कूल हैं, सड़कें हैं तो दुकान भी डाल लेंगे तो वहां से अच्छे तब भी रह लेंगे। न मकान का किराया लगना है। खाने-पीने के लिए खेती से मिल ही जाएगा। बहुत दिनों तक घर और घर वालों से दूर रह लिए, अब अपनी घर-जमीन पर ही रहेंगे। खुदा न खस्ता कोरोना हो जाता तो ये पत्नी, बच्चे तो कहीं के न रहते। कहां किस अस्पताल में पड़ा होता और अगर मर मरा जाता तो फिर किसी को शक्ल भी देखने को न मिलती। यही रोड के किनारे कोई दुकान डाल लूंगा। अगर दुकान न चली तो फिर क्या करेंगे? घर पहुंचकर भी उन लोगों को चैन नहीं मिल रहा है। एक यक्ष प्रश्न अभी प्रवासी मजदूरों के सामने भयानक रूप लिए आज खड़ा है और जब तक हल न मिले ये खड़ा ही रहेगा।
साभार : मेरा सरोकार डॉट ब्लॉगस्पॉट डॉट कॉम
The post पार पा ही लेंगे appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2CuIUr5
via Latest News in Hindi
0 Comments