ट्रंप की हताशा
संपादकीय ‘सत्ता नहीं जनता सर्वोपरि’ पढ़ा। जनता का सर्वोपरि होना इस बात पर निर्भर करता है कि शासक ओबामा है या ट्रम्प। कोरोना और रंगभेद दोनों मामलों को संभालने में ट्रम्प असफल रहे और अब इसे छिपाने के लिए बेतुकी बयानबाज़ी कर रहे हैं। चीन पर खीझ, विश्व स्वास्थ्य संगठन से नाता तोड़ना, रंगभेद विरोधी प्रदर्शनकारियों को सेना की धमकी देना, ये सब दर्शाता है कि चुनावी वर्ष में ट्रम्प की हताशा चरम पर है।
बृजेश माथुर, बृज विहार, गाजियाबाद

संवेदनहीन तंत्र
कोरोना वायरस के प्रकोप से निजात पाने के लिए सरकार निरंतर लॉकडाउन की अवधि बढ़ा रही है। लेकिन इस महामारी से गरीब, मजदूर और किसान बुरी तरह प्रभावित हैं। हालांकि सरकार ने आर्थिक सहायता भी दी है लेकिन ये लंबे अंतराल के लिए नाकाफी साबित हुई। राज्य सरकारों को इतना सशक्त होना चाहिए कि वे अपने राज्य के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार मुहैया करा पाए।
मनकेश्वर भट्ट, मधेपुरा, बिहार

अमानवीय कृत्य
केरल की दर्दनाक घटना ने पूरे देश को हैरान कर दिया है। कुछ लोगों ने एक गर्भवती हथिनी को अन्नास के अंदर पटाखे रखकर उसे खिला दिया, जिस कारण उसकी जान चली गई। आखिर समाज में ऐसी मानसिकता क्यों और कैसे विकसित हो रही है? ऐसे कुकृत्य करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कदम उठाने चाहिए।
अमन सिंह, बरेली, उ.प्र.

राहतकारी कदम
पंजाब सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए टैरिफ घटा दिया है। लंबे समय तक तालाबंदी के दौरान बिजली राजस्व में गिरावट के बावजूद यह कदम उठाया गया है। सरकार ने औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए शुल्क कम करने की भी सिफारिश की है। यह निश्चित रूप से आम आदमी के कष्टों को कम करने में मदद करेगा।
नेहा, चंडीगढ़

The post आपकी राय appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/2A6wWD8
via Latest News in Hindi

0 Comments