शिमला, 4 मई (निस)
हिमाचल प्रदेश में पिछले दस दिनों से कोरोना में राहत का चक्र आज एक बार फिर टूट गया। मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में कोरोना का नया मामला पाया गया है। कोरोना पीड़ित व्यक्ति कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली से अपने घर जोगिंद्रनगर लौटा था जिसका कोरोना टेस्ट आज पॉजिटिव पाया गया। इसी के साथ अब तक कोरोना वायरस से दूर मंडी जिला में भी इस महामारी ने दस्तक दे दी है। मंडी जिला में कोरोना का यह पहला मामला है।
जानकारी के अनुसार कोरोना पीड़ित व्यक्ति 29 अप्रैल को दिल्ली से जोगिंद्रनगर लौटा था। इस व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि मंडी स्थित नेरचौक मेडिकल कॉलेज में आज हुए टेस्ट में हुई। कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि होते ही मंडी जिला प्रशासन ने इस व्यक्ति के घर के तीन किलोमीटर के दायरे को पूरी तरह से सील कर दिया है और यहां सभी प्रकार की गतिविधियों पर पाबंदी लगा दी गई है। डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने इस मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और पीड़ित व्यक्ति को आगामी उपचार के लिए नेर चौक स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। इसी के साथ हिमाचल प्रदेश के कोरोना मुक्त बनने के अभियान पर ब्रेक लग गई है।
हिमाचल प्रदेश में इसी के साथ कुल 41 लोगों में कोरोना महामारी की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 34 लोग ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं जबकि दो लोग अस्पताल में उपचाराधीन हैं। चार लोग राज्य से बाहर इलाज करवा रहे हैं तथा एक मरीज की मौत हो गई है।
प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) आरडी धीमान के मुताबिक अभी तक राज्य में 15013 लोगों को क्वारंटाइन किया जा चुका है। इनमें से 8376 लोग अभी भी क्वारंटाइन में है जबकि 6637 लोगों को क्वारंटाइन के बाद छुट्टी दे दी गई है। राज्य में केवल 7432 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ है। प्रदेश की आबादी भी 74 लाख के आसपास है। ऐसे में कहा जा सकता है कि अभी प्रदेश में एक लाख व्यक्ति में केवल एक व्यक्ति का ही कोरोना टेस्ट हुआ है।
हिमाचल में आज 247 लोगों का कोरोना के लिए टेस्ट किया गया। इनमें से 137 की ही रिपोर्ट आई है जिनमें से एक व्यक्ति ही अभी तक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। 111 लोगों की रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
सरकार ने जारी किया 104 हेल्पलाइन नंबर
हिमाचल प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी के निवारक उपाय के रूप में 104 हेल्पलाईन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर कॉल कर कोरोना वायरस के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकती है और अपनी बीमारी की स्व घोषणा भी कर सकते हैं।
टांडा में जांचे 73 सैंपल, सभी की रिपोर्ट नेगेटिव
धर्मशाला (निस) : टांडा मेडिकल कालेज में सोमवार को 73 कोरोना संदिग्धों के सैंपलों की जांच की गई जो सभी नेगेटिव पाए गए। सोमवार को जांचे गए सैंपलों में ऊना, धर्मशाला तथा टांडा मेडिकल कालेज के सैंपल शामिल थे। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि जांचे गए सैंपलों में ऊना जिला के 58, धर्मशाला के चार तथा टांडा मेडिकल कालेज के 11 सैंपल थे।

The post हिमाचल में टूटा कोरोना राहत का चक्र appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/35y2Cwu
via Latest News in Hindi

0 Comments