लुधियाना, 4 मई (निस)
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू नें सच्चखंड नांदेड़ साहिब से आये सिख श्रद्धालुओं में कोरोना पाजिटिव मामलों के लिए महाराष्ट्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। आज यहां जिला अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की एक बैठक में भाग लेने के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने इन श्रद्धालुओं का कोई कोरोना टेस्ट नहीं किया। केवल बुखार चेक कर उन्हें पंजाब रवाना कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि वह इस बारे में पंजाब सरकार को सूचित कर देते तो सरकार पूरी तैयारी कर सकती थी।
बलबीर सिद्धू ने कहा कि उन्होंने टेलीफोन पर महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री से बात कर इस बारे में रोष व्यक्त किया। बलबीर सिद्धू जो पिछले कुछ दिनों से विपक्ष और अपनों की आलोचना का केंद्र बने हुए थे, ने सारे मामले को महाराष्ट्र सरकार की लापरवाही और नाकामी बताया। बैठक में भाग लेने वालों में सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, विधायक राकेश पांडे, सुरेंद्र डावर, संजय तलवाड़ , कुलदीप सिंह वैद्य, जिलाधीश प्रदीप अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल प्रमुख थे। बलबीर सिद्धू ने कहा कि केन्द्र सरकार ने कोरोना से लड़ने के लिए केवल 17 करोड़ रुपये की राशि जारी की है जो परिस्थितियों को देखते हुए बहुत कम है।

The post सिख श्रद्धालुओं में कोरोना के लिए महाराष्ट्र सरकार दोषी : बलबीर सिद्धू appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.



from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/35ySFPa
via Latest News in Hindi

0 Comments