पूर्व विधायक ने दी एक माह की पेंशन
चरखी दादरी (निस) :
पूर्व विधायक कर्नल रघबीर सिंह छिल्लर ने अपनी एक माह की पेंशन हरियाणा सरकार द्वारा स्थापित कोरोना फंड में जमा करवाया है ताकि कोरोना पीडि़तों को ठीक करने में कुछ सहायता मिल सके। साथ ही उन्होंने सभी साधन सम्पन्न सामाजिक बंधुओं से प्रार्थना की है कि वो भी इस यज्ञ में आहुति डालें। साथ ही क्षेत्रवासियों से अपील की है कि लोकडाउन का पूरा पालन करें। गांव की चौपाल में बैठकर ताश ना खेलें, समूह में बैठकर हुक्का न पियें। दिन में कई दफा साबुन से हाथ धोएं। एक दूसरे से 3 से 6 फीट का फासला रखें।
प्रधानमंत्री राहत कोष में दिये 21 लाख
सिवानीमंंडी (निस) : चौधरीवास स्थित श्री पंचमुखी बालाजी धाम ने कोरोना वायरस (कोविड-19) से मुक्ति की मुहिम में प्रधानमंत्री द्वारा किए गए आह्वान पर 21,00,000 रुपये की सहायतार्थ राशि दी। धाम के पुजारी सोनू जोशी व मोनू जोशी ने बताया कि श्री पंचमुखी बालाजी धाम, चौधरीवास वैश्विक संकट के इस समय में देश व जिला हिसार प्रबंधन व प्रशासन के साथ जरूरतमंद व पीड़ा झेल रहे व्यक्तियों की सहायता के लिए तत्पर है।
11 बुजुर्गों ने दान दिये 51 हजार
बाढड़ा (निस) : गांव मांढी पिरानु के 11 बुजुर्ग ग्रामीणों ने कोरोना प्रभावितों की मदद के लिए 51 हजार दान में देने की घोषणा की। उपमंडल अधिकारी कार्यालय में पहुंचे मांढी पिरानु के प्रवक्ता जागेराम व बीरबल शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के दौर में सरकार पर पूरी तरह दबाव है। गांव के पूर्व प्रवक्ता जागेराम, मा. रामनाथ मांढी, मा. बीरबल शर्मा, साधुराम, जयप्रकाश, मोहनलाल, मा. बख्तावर शर्मा, मोहनलाल, कर्णसिंह, करतार सिंह, प्रथ्वीसिंह, रामकुमार इत्यादि ने अपने अपने कोष से 51 सौ 51 रुपये की राशि भेंट कर एसडीएम डा. विरेन्द्र सिंह के माध्यम से सीएम राहत कोष में भेंट की।
मुस्लिम परिवार ने दिया दान
चरखी दादरी (निस) : गांव बलाली के मुस्लिम परिवार ने एक नयी मिसाल कायम की है। उन्होंने समाज की भ्रांतियों को तोड़कर समाज में एकता का संदेश देते हुए गांव के सरपंच के माध्यम से चंदा एकत्रित कर पीएम कोरोना राहत कोष में 51 सौ रुपए दान किया है। समाज के लोगों ने सरपंच अमित सांगवान को कुरसेद खान के नेतृत्व में चेक भेंट किया।
पेंशनर्ज एसोसिएशन ने दिये 46 हजार
फतेहाबाद (निस) : हरियाणा कोरोना रिलीफ फंड में हरियाणा सिविल पेंशनर्ज वैलफेयर एसोसिएशन, फतेहाबाद के 36 सदस्यों द्वारा 46,100 रुपए की राशि दी है। हरियाणा सिविल पेंशनर्ज वैलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने नगराधीश अनुभव मेहता को रिलीफ फंड में दिए सहयोग का चेक सौंपा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी हरियाणा सिविल पेंशनर्ज वैलफेयर एसोसिएशन के 51 सदस्यों द्वारा 61,700 रुपए की राशि जमा करवाई गई थी। उन्होंने एसोसिएशन एवं उसके पदाधिकारियों का सहायता राशि के लिए धन्यवाद किया। नगराधीश अनुभव मेहता ने आमजन से अपील की है कि वे आपदा के समय कोई व्यक्ति या संस्थाएं अपना सहयोग राहत कोष में देना चाहती है तो वे ‘फतेहाबाद कोरोना रिलीफ फंड’ में अपना सहयोग दे सकती हैं।
The post पूर्व विधायक ने दी एक माह की पेंशन appeared first on दैनिक ट्रिब्यून.
from दैनिक ट्रिब्यून https://ift.tt/3bckHC4
via Latest News in Hindi
0 Comments